फरीदाबाद के किसानों के लिए फसलों में लगने वाले कीड़े सबसे बड़ी सिरदर्दी बने हुए हैं। खासकर सब्जियों की खेती करने वाले किसान हर साल इन्हीं कीड़ों के कारण भारी नुकसान झेलते हैं। कई बार मेहनत, समय और पूंजी लगाने के बावजूद पूरी फसल चौपट हो जाती है। ऐसे में दयालपुर गांव के एक किसान ने इतना आसान और किफायती तरीका अपनाया है कि फसल को कीड़ों से बचाना आसान हो गया है। महज 50 रुपये की एक छोटी सी टिक्की किसानों के लिए बड़े काम की साबित हो रही है।
क्या है यह सस्ता उपाय
दयालपुर गांव के रहने वाले किसान सुशील कुमार बताते हैं कि उन्होंने एक एकड़ में तोरी की खेती कर रखी है। पहले उनकी फसल में बहुत ज्यादा कीड़े लगते थे, जिससे काफी नुकसान होता था। अब वे बोतल और फल मक्खी वाली टिक्की का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे फसल सुरक्षित रहती है।
कैसे काम करती है फल मक्खी टिक्की
सुशील के मुताबिक, बोतल में जो छोटी सी टिक्की दिखाई देती है, उसे फल मक्खी टिक्की कहा जाता है। इसमें मादा फल मक्खी जैसी महक होती है। आधा या एक लीटर की खाली बोतल में पानी भरकर इस टिक्की को रस्सी से बांधकर अंदर लटका दिया जाता है। बोतल में छोटे-छोटे छेद कर दिए जाते हैं। महक से नर मक्खियां खिंचकर बोतल के अंदर चली आती हैं और फिर पानी में गिरकर मर जाती हैं।
कीमत और उपलब्धता
एक टिक्की करीब 50 रुपये की आती है और पूरे सीजन तक असर दिखाती है। सुशील बताते हैं कि वे यह टिक्की छायंसा गांव की एक दुकान से लाते हैं। यह ज्यादातर दुकानों पर नहीं मिलती, लेकिन दुकान पर 'फल मक्खी टिक्की' कहने पर मिल जाती है। इसकी कीमत बेहद कम है, जबकि फायदा काफी ज्यादा है।
एक एकड़ में कितनी बोतलें
एक एकड़ खेत के लिए 10 से 12 बोतलें काफी रहती हैं। सुशील के अनुसार, इसका असर तीन से चार महीने तक बना रहता है और पूरे सीजन तक टिक्की काम करती रहती है। सिर्फ बोतल का पानी पांच से सात दिन में बदलना पड़ता है, और इसमें साधारण पानी ही इस्तेमाल होता है।
किस फसल में ज्यादा फायदा
सुशील बताते हैं कि करेले में कीड़े सबसे ज्यादा लगते हैं, इसलिए करेले की फसल में यह तरीका और भी ज्यादा कारगर साबित होता है। तोरी में भी इसका अच्छा असर देखने को मिला है।
हजारों रुपये का नुकसान बचा
सुशील के मुताबिक, पिछले साल फरीदाबाद के फतेहपुर बिल्लौच गांव के एक किसान ने उन्हें इस टिक्की के बारे में बताया था। उससे पहले उनके करेले में 30 से 40 हजार रुपये तक का नुकसान हो चुका था। फिर उन्होंने यह तरीका अपनाया। पिछले एक साल से इसका इस्तेमाल कर रहे हैं और अब नुकसान नहीं होता। फसल भी अच्छी मिल रही है और कम खर्च में ज्यादा बचत हो रही है।
सुशील कहते हैं कि यह देसी और सस्ता तरीका आसपास के किसानों के लिए भी मिसाल बन रहा है। महज 50 रुपये की टिक्की और एक खाली बोतल की मदद से किसान अपनी सब्जी वाली फसलों को कीड़ों से बचाकर बेहतर पैदावार हासिल कर रहे हैं।
https://hindi.news18.com/news/agriculture/how-to-protect-vegetable-crops-from-pests-using-a-rs-50-fruit-fly-trap-local18-10543564.html