संयुक्त राष्ट्र में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को सख्त लहजे में जवाब दिया है। सुरक्षा परिषद में पाकिस्तानी बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा कि इस्लामाबाद बार-बार संयुक्त राष्ट्र के मंच का दुरुपयोग कर रहा है और भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश में जुटा हुआ है।
सुरक्षा परिषद की सदस्यता पर भारत की दो टूक
पी. हरीश ने स्पष्ट किया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की सदस्यता कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि सदस्य देशों से उम्मीद की जाती है कि वे परिषद के मंच का इस्तेमाल रचनात्मक और जिम्मेदार ढंग से करें, न कि किसी झूठे और पक्षपातपूर्ण एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए।
उन्होंने पाकिस्तान पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि सुरक्षा परिषद ऐसा कोई मंच नहीं है जहां राजनीतिक मकसद से गलत और गुमराह करने वाले नैरेटिव परोसे जाएं। भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान को एक जिम्मेदार सदस्य की तरह आचरण करना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय मंचों का दुरुपयोग तुरंत बंद करना चाहिए।
जम्मू-कश्मीर पर भारत का स्पष्ट रुख
जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर भारत ने अपना पुराना और साफ रुख एक बार फिर दोहराया। पी. हरीश ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर पाकिस्तान की ओर से किए जाने वाले दावे और बयान पूरी तरह निराधार हैं और ये जमीनी सच्चाई को किसी भी तरह बदल नहीं सकते।
https://hindi.news18.com/news/nation/security-council-not-platform-for-false-agendas-india-stern-reply-to-pakistan-at-united-nations-draws-line-on-kashmir-10544042.html