यूपी चुनाव 2027: चंद्रशेखर आजाद का बड़ा दांव, शराबबंदी से लेकर 12वीं तक मुफ्त शिक्षा और एमएसपी की गारंटी का वादा

सत्ता परिवर्तन पद यात्रा लेकर मेरठ पहुंचे आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने 2027 में सरकार बनने पर शराबबंदी लागू करने और शराब की दुकानों की जगह डिजिटल लाइब्रेरी खोलने का ऐलान किया। उन्होंने 12वीं तक मुफ्त शिक्षा, 750 रुपये न्यूनतम मजदूरी और एमएसपी की गारंटी जैसे वादे भी दोहराए।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक दल चुनावी मैदान में सक्रिय हो गए हैं। हर पार्टी अपने-अपने वादों और घोषणाओं के साथ जनता के बीच पहुंच रही है। इसी कड़ी में नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने शराबबंदी के मुद्दे को आगे रखते हुए कई बड़े वादे किए हैं। मेरठ पहुंचे चंद्रशेखर ने साफ कहा कि अगर प्रदेश में उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो शराबबंदी लागू की जाएगी और शराब की दुकानों की जगह डिजिटल लाइब्रेरी खोली जाएंगी।

मेरठ में निकाली सत्ता परिवर्तन पद यात्रा

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को मेरठ में सत्ता परिवर्तन पद यात्रा निकाली। उन्होंने कहा कि 2027 में सरकार बनने पर सबसे पहले प्रदेश में शराबबंदी लागू की जाएगी और जितनी भी शराब की दुकानें हैं, उन सभी जगहों पर डिजिटल लाइब्रेरी खोली जाएंगी।

युवाओं और भर्तियों पर जताई चिंता

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आज प्रदेश का नौजवान बेहाल है और नशे की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक कराए जा रहे हैं और भर्तियों में लगातार घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर भी बड़े सवाल खड़े किए।

महिला आरक्षण पर सरकार को घेरा

चंद्रशेखर ने कहा कि महिलाएं आधी आबादी हैं, फिर भी सरकार महिला आरक्षण का विरोध बताकर विपक्ष को बदनाम कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि महिला आरक्षण 2023 में लागू हो चुका है, इसके बावजूद सरकार ने 2024 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण का लाभ नहीं दिया।

क्या-क्या वादे किए?

चंद्रशेखर आजाद ने अपने पुराने वादों को दोहराते हुए कई बड़े ऐलान किए। इनमें प्रमुख वादे इस प्रकार रहे:

  • 12वीं तक निशुल्क शिक्षा
  • 750 रुपये न्यूनतम मजदूरी
  • एमएसपी की गारंटी

गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का गठबंधन सीधे जनता के साथ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिया जाना चाहिए, लेकिन सरकार बीफ एक्सपोर्टरों के दबाव में यह काम नहीं कर रही है।

आंबेडकर पार्क से कमेला पुल तक यात्रा

आजाद समाज पार्टी की सत्ता परिवर्तन पद यात्रा शेरगढ़ी गांव स्थित आंबेडकर पार्क से शुरू हुई और हापुड़ रोड पर बने कमेला पुल पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद समर्थकों की बड़ी भीड़ के साथ कमेला पुल तक पहुंचे।

महिलाओं से किया संवाद

पदयात्रा से पहले चंद्रशेखर आजाद ने शुभम बैंक्वेट हॉल में महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की असली ताकत महिलाओं से है और उन्हें अपने हक और अधिकारों के लिए लड़ना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आजाद समाज पार्टी महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें सम्मान दिलाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/meerut-liquor-ban-in-up-free-education-chandrashekhar-azad-satta-parivartan-yatra-promises-local18-10544051.html