गर्मी के मौसम में तेज धूप, पसीना और धूल-मिट्टी का सबसे ज्यादा असर चेहरे की त्वचा पर ही पड़ता है। लगातार धूप में रहने से चेहरे पर टैनिंग जम जाती है और रंग पहले से गहरा यानी काला पड़ने लगता है। इसे ठीक करने के लिए ज्यादातर लोग बाजार के महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, जबकि घर में मौजूद कुछ चीजों से भी इस परेशानी को आसानी से दूर किया जा सकता है।
जमुई की ब्यूटिशियन कोमल गुप्ता के मुताबिक, त्वचा की देखभाल के लिए दही एक बेहद असरदार और प्राकृतिक विकल्प साबित हो सकता है। उनका कहना है कि दही में पाया जाने वाला लैक्टिक एसिड त्वचा की मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद करता है, जिससे चेहरा साफ और मुलायम बनता है। गर्मी में दही का नियमित इस्तेमाल त्वचा को ठंडक देने के साथ-साथ उसकी प्राकृतिक नमी भी बनाए रखता है।
रूखी और बेजान त्वचा के लिए सबसे कारगर
कोमल गुप्ता बताती हैं कि जिन लोगों की त्वचा धूप और गर्मी के कारण रूखी या बेजान हो जाती है, उनके लिए दही एक सरल और सुरक्षित घरेलू उपाय है। उनके अनुसार दही को कई तरीकों से चेहरे पर लगाया जा सकता है।
सबसे आसान तरीका यह है कि ताजा दही को सीधे चेहरे पर लगाकर 15 से 20 मिनट तक रहने दें और इसके बाद सादे पानी से धो लें। इससे त्वचा को ठंडक मिलती है और चेहरे की चमक बढ़ती है।
टैनिंग और मॉइस्चराइजिंग के लिए खास मिश्रण
अगर किसी को टैनिंग की शिकायत है तो दही में थोड़ा सा बेसन और नींबू के रस की कुछ बूंदें मिलाकर फेस पैक तैयार किया जा सकता है। वहीं शहद और दही का मिश्रण त्वचा को मॉइस्चराइज करने में मददगार रहता है।
संवेदनशील त्वचा वाले रखें खास ख्याल
कोमल गुप्ता का कहना है कि दही में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और पोषक तत्व त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं। हालांकि बहुत अधिक संवेदनशील त्वचा वाले लोगों को कोई भी घरेलू नुस्खा अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लेना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि दही का सेवन शरीर को ठंडक देने और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में सहायक होता है, जिसका सकारात्मक असर त्वचा पर भी दिखाई देता है। उनके अनुसार सप्ताह में दो से तीन बार दही का फेस पैक लगाने से त्वचा को ताजगी मिलती है और प्राकृतिक ग्लो बना रहता है।
https://hindi.news18.com/news/bihar/jamui-curd-remedy-for-tanning-and-dry-skin-in-summer-local18-ws-l-10544055.html