गर्मियों के मौसम में अक्सर लोग ऐसे व्यंजन और मिठाइयों की तलाश में रहते हैं, जो खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद हों। इसी कसौटी पर खरी उतरने वाली एक खास मिठाई है ‘लौकी कलाकंद’। यह न सिर्फ मिठास से भरपूर है, बल्कि शरीर के लिए भी लाभकारी मानी जाती है। आमतौर पर लौकी का इस्तेमाल सब्जी बनाने में होता है, लेकिन इससे बनने वाला कलाकंद मिठाई पसंद करने वालों के लिए एक अलग और बढ़िया विकल्प है। कम कैलोरी और कई पोषक तत्वों से भरी होने की वजह से सेहत के प्रति सजग लोग भी इसे चाव से खाते हैं।
लौकी में मौजूद हैं कई जरूरी विटामिन
लौकी में पानी की मात्रा काफी अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट बनाए रखने में मदद करती है। इसमें फाइबर, पोटैशियम, कैल्शियम और कई आवश्यक विटामिन मौजूद होते हैं। यही वजह है कि इसे पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने, पेट को ठंडक देने और शरीर को ऊर्जा देने में सहायक माना जाता है। इसके अलावा इसमें फाइबर, विटामिन ए, पोटैशियम, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।
गर्मियों में ऊर्जा बनाए रखने में मददगार
लौकी कलाकंद पाचन तंत्र के लिए लाभकारी होती है। इसमें मौजूद फाइबर कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं में राहत देता है। कम कैलोरी होने के कारण यह वजन को नियंत्रण में रखने में मदद करती है, जबकि पोटैशियम ब्लड प्रेशर को संतुलित रखकर दिल को स्वस्थ बनाता है। साथ ही यह त्वचा में निखार लाने और शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में भी सहायक मानी जाती है। गर्मियों में यह शरीर की ऊर्जा बनाए रखने में कारगर साबित होती है।
इस तरह तैयार करें लौकी कलाकंद
लौकी कलाकंद बनाना बेहद आसान है। सबसे पहले ताजी लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें। इसके बाद उसके बीज निकालकर लौकी को कद्दूकस कर लें। अब एक कढ़ाई में दो बड़े चम्मच घी गरम करें। घी गरम हो जाने पर इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालें और मध्यम आंच पर करीब 10 से 15 मिनट तक भूनें।
इसके बाद स्वादानुसार चीनी मिलाएं और पानी सूखने तक पकाते रहें। फिर इसमें मावा या मिल्क पाउडर और थोड़ा-सा घी डालकर लगातार चलाते हुए भूनें। मिश्रण को तब तक भूनना है जब तक वह गाढ़ा और दानेदार न हो जाए। अंत में इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
तैयार मिश्रण को किसी थाली या ट्रे में फैलाकर ठंडा होने दें। ठंडा होने पर इसे अपनी पसंद के आकार में काट लें और ऊपर से कटे हुए बादाम, नारियल या पिस्ता से सजाकर परोसें।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-lauki-kalakand-recipe-in-hindi-how-to-make-bottle-gourd-kalakand-at-home-10543950.html