हरियाणा में गर्मी और आंधी का दोहरा वार, हिमाचल में ठंडी हवाओं की मार, मौसम विभाग का अलर्ट

उत्तर भारत में मौसम लगातार बदल रहा है। हरियाणा में दिन के समय तेज गर्मी और लू के साथ कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में अंधड़ और ओलों के साथ बारिश हो रही है।

उत्तर भारत का मौसम इन दिनों लगातार करवट ले रहा है। कहीं झमाझम बारिश हो रही है, तो कहीं भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में भी मौसमी हालात तेजी से बदल रहे हैं। एक ओर दिन के समय तेज धूप और लू जैसे हालात परेशानी का सबब बने हुए हैं, तो दूसरी ओर मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है। आइए जानते हैं कि शनिवार, 6 जून को दोनों राज्यों में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।

हरियाणा में मौसम का हाल

हरियाणा में बीते दिन मौसम शुष्क रहा और आसमान में आंशिक रूप से धूप खिली रही, साथ ही काफी गर्मी महसूस की गई। वहीं आज यानी 6 जून को प्रदेश में मौसम का रुख बदला-बदला नजर आ सकता है। एक तरफ लोगों को तेज गर्मी और उमस झेलनी पड़ सकती है, तो दूसरी तरफ कुछ जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश राहत पहुंचा सकती है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को हरियाणा में दिन के समय तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ेगा। IMD के अनुसार, 6 जून की रात तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और मौसम साफ बना रहेगा। रात के समय उत्तर दिशा से 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि नमी का स्तर अपेक्षाकृत अधिक होने के कारण लोगों को उमस का अहसास हो सकता है।

इन जिलों में चलेंगी तेज हवाएं

महेंद्रगढ़ के साथ-साथ रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है।

गरज-चमक के साथ आंधी की आशंका

प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह 8 बजे से दोपहर तक गरज-चमक के साथ आंधी आने की आशंका है। इस दौरान तापमान 30 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने आगाह किया है कि कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली चमकने की भी आशंका है। ऐसे में खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दोपहर में फिर बढ़ेगी गर्मी

दोपहर के समय मौसम एक बार फिर गर्म होने का अनुमान है। दोपहर 12 बजे से शाम तक अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन उमस और गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। शाम होते-होते मौसम कुछ हद तक सामान्य हो सकता है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में अंधड़ और ओलों के साथ झमाझम बारिश हो रही है, जिससे वहां ठंडी हवाओं का असर बना हुआ है।

विशेषज्ञों की सलाह

वैज्ञानिकों का कहना है कि बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय धूप से बचना चाहिए, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहना चाहिए।

https://hindi.news18.com/news/haryana/gurgaon-weather-today-rain-warning-faridabad-bhiwani-ambala-imd-alert-6-june-aaj-ka-mausam-himachal-shimla-local18-10543514.html