नाबालिग लड़कियों के धर्मांतरण और जबरन निकाह का मामला, SIT ने मास्टरमाइंड बशीर को दबोचा

भोपाल में नाबालिग लड़कियों के धर्मांतरण, जबरन निकाह और शोषण के मामले में SIT ने गिरोह के मास्टरमाइंड बस्सू उर्फ बशीर को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस केस में तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।

मध्य प्रदेश के भोपाल में नाबालिग लड़कियों के धर्मांतरण, जबरन निकाह और बहला-फुसलाकर शोषण के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। विशेष जांच दल (SIT) ने इस पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड बस्सू उर्फ बशीर को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इसी प्रकरण में अल्तमश कुरैशी, आहद शेख और जस्सी किन्नर को भी सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।

कैसे हुआ पूरे मामले का खुलासा

यह मामला तब सामने आया, जब भोपाल से तीन नाबालिग लड़कियों के साथ जबरन धर्मांतरण और शारीरिक शोषण की बात उजागर हुई। लड़कियां जब भोपाल से बुर्का पहनकर अशोकनगर स्थित अपने घर पहुंचीं, तो पूरे प्रकरण का पर्दाफाश हुआ। उन्होंने अपनी पीड़ा भरी आपबीती अपनी मां को सुनाई, जिसके बाद पीड़िता की मां ने अशोकनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी जस्सी किन्नर को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि भोपाल में लड़कियों की दोस्ती मुस्लिम महिलाओं से इसी आरोपी ने करवाई थी। अब इसी कड़ी में SIT ने सबसे अहम गिरफ्तारी करते हुए बशीर को पकड़ लिया है।

मास्टरमाइंड बशीर पर पहले से दर्जनों मामले

SIT ने गिरोह के सरगना बस्सू उर्फ बशीर को भोपाल से गिरफ्तार किया है। जहांगीराबाद के बरखेड़ी निवासी बशीर पर दो बार रासुका की कार्रवाई भी हो चुकी है। उस पर नाबालिग बालिकाओं के धर्मांतरण, शोषण और जबरन निकाह में सहयोग करने का आरोप है।

आरोपी के खिलाफ भोपाल के जहांगीराबाद थाने में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह अशोकनगर पुलिस की गिरफ्त में है। पूरे नेटवर्क और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

बहला-फुसलाकर भोपाल ले जाए गए, फिर शोषण

पीड़िता ने बताया था कि आरोपी उन्हें बहला-फुसलाकर अशोकनगर से भोपाल ले गए थे। वहां उनके साथ बेहद गंदा व्यवहार किया गया, जबरन धर्म परिवर्तन करवाया गया और अवैध संबंध भी बनाए गए।

इससे पहले पुलिस ने आरोपी अल्तमश को पकड़ा था, जिसके मोबाइल से 300 से ज्यादा वीडियो बरामद हुए थे। इनमें कट्टरपंथी कंटेंट शामिल था, जिसका इस्तेमाल वह मासूम लड़कियों का ब्रेनवॉश करने में करता था।

मोबाइल से मिले अहम सुराग

पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए थे, जिनमें कई आपत्तिजनक वीडियो मौजूद थे। इन्हीं मोबाइल फोन से पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे।

अब बस्सू उर्फ बशीर के पकड़े जाने के बाद उम्मीद है कि इस पूरे नेटवर्क के संचालन के तरीके और अब तक निशाना बनाई गई लड़कियों को लेकर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/ashoknagar-innocent-girls-subjected-to-religious-conversion-and-forced-marriage-police-have-now-arrested-the-mastermind-local18-10543982.html