जबलपुर में साथ तैनात होंगे IPS पति-पत्नी, करैरा विवाद के बाद आयुष जाखड़ और अनु बेनीवाल का एक साथ तबादला

मध्य प्रदेश में पुलिस महकमे के बड़े फेरबदल में आठ आईपीएस और 66 राज्य पुलिस सेवा अफसरों के तबादले हुए हैं। चर्चा में रहे आईपीएस आयुष जाखड़ और उनकी पत्नी अनु बेनीवाल अब जबलपुर में एएसपी के पद पर साथ काम करेंगे।

मध्य प्रदेश के पुलिस विभाग में शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। भारतीय पुलिस सेवा के आठ आईपीएस अधिकारियों के साथ-साथ राज्य पुलिस सेवा के 66 अफसरों को भी इधर से उधर किया गया है। इस पूरी सूची में सबसे ज्यादा चर्चा करैरा में तैनात रहे आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ के नाम की हो रही है, जिनका विधायक प्रीतम लोधी के साथ विवाद सुर्खियों में रहा था।

पति-पत्नी दोनों का जबलपुर तबादला

तबादला आदेश के तहत आयुष जाखड़ को अब जबलपुर भेजा गया है। उनकी पत्नी अनु बेनीवाल का भी तबादला इसी शहर में किया गया है। इस तरह दोनों पति-पत्नी अब जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर एक साथ काम करते नजर आएंगे।

कौन हैं आईपीएस आयुष जाखड़

आयुष जाखड़ साल 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इस समय तक वे मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में एसडीओपी के पद पर तैनात रहे हैं और अब उन्हें जबलपुर में ASP बनाया गया है। वे बिना किसी राजनीतिक दबाव में आए सख्त कार्रवाई करने के लिए पहचाने जाते हैं।

मूल रूप से वे राजस्थान के श्रीगंगानगर के रहने वाले हैं। उनके पिता दिलीप जाखड़ स्वयं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं, इसलिए प्रशासनिक सेवा का माहौल उन्हें घर से ही मिला। दिल्ली में रहकर उन्होंने पूरी मेहनत के साथ तैयारी की और साल 2022 में यूपीएससी परीक्षा पास कर अपनी जगह बनाई।

विधायक के साथ विवाद की पूरी कहानी

अप्रैल के महीने में शिवपुरी जिले के करैरा में विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने थार गाड़ी से सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मार दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन एसडीओपी आयुष जाखड़ ने विधायक के बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया और सख्त लहजे में उन्हें रौब न दिखाने की हिदायत भी दी।

बाद में इस मामले में खुद विधायक भी सामने आ गए। उन्होंने एसडीओपी से माफी मांगने को कहा और खुली धमकी दी कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो वे अपने समर्थकों के साथ अधिकारी के घर पहुंचकर उसे गोबर से भरवा देंगे। हालांकि बाद में जब भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने विधायक को फटकार लगाई, तो उनके तेवर बदले हुए दिखाई दिए।

अनु बेनीवाल: 'लेडी सिंघम' की पहचान

अनु बेनीवाल भी 2022 बैच की पुलिस अधिकारी हैं और फिलहाल ग्वालियर की एडिशनल एसपी के पद पर हैं। अपनी सख्त कार्यशैली के चलते लोग उन्हें 'लेडी सिंघम' भी कहते हैं। वे बेहद सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से आती हैं।

उनका जन्म दिल्ली के पीथमपुरा में हुआ और उन्होंने हिंदू कॉलेज से पढ़ाई पूरी की है। साल 2023 में उन्होंने आयुष जाखड़ से शादी की थी। अब उनका तबादला भी जबलपुर कर दिया गया है, जहां वे अपने पति के साथ तैनात रहेंगी।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/jabalpur-ayush-jakhar-anu-beniwal-husband-wife-ips-transfer-bjp-mla-pritam-lodhi-threat-cow-dung-local18-10543978.html