कानून के पहरेदार ही महफूज नहीं: बेगूसराय में ड्यूटी पर तैनात चौकीदार को सड़क पर रोककर लात-घूंसों से पीटा

बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात एक चौकीदार को बदमाशों ने बीच सड़क रोककर बेरहमी से पीट दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बिहार में बेखौफ अपराधियों की दहशत एक बार फिर सामने आई है। बेगूसराय जिले में कुछ बदमाशों ने बीच सड़क पर एक चौकीदार के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसका वीडियो भी सामने आ चुका है। चौकीदार जब अपनी स्कूटी से जा रहा था, उसी दौरान एक बदमाश ने उसकी स्कूटी रोक ली और गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला बोल दिया। थोड़ी ही देर में उस बदमाश के चार-पांच साथी भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर चौकीदार को लात-घूंसों से पीटते हुए जमीन पर पटक दिया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आखिर क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के बरौनी दो गांव की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तेघरा थाने में कार्यरत चौकीदार राहुल कुमार 31 मई 2026 की रात स्कूटी से अपने घर लौट रहा था। तभी गांव में ही शुभम कुमार समेत 6-7 बदमाशों ने उसे रोककर बुरी तरह पीट दिया। इसी बीच आसपास के दर्जन भर से ज्यादा लोग मौके पर पहुंच गए और किसी तरह बीच-बचाव कर बदमाशों को वहां से हटाया, जिसके बाद चौकीदार की जान बच सकी।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा

पीड़ित चौकीदार ने इस मारपीट को लेकर तेघड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उसने आरोप लगाया कि वह नोटिस तामील कराने जा रहा था और पुराने एक मामले में पुलिस की छापेमारी से नाराज़ बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस ने क्या कहा

इस मामले में हेडक्वार्टर डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि चौकीदार के साथ मारपीट की घटना हुई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया है कि चौकीदार के साथ आरोपी की आपसी रंजिश थी और इसी वजह से इस घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

वहीं इस घटना ने एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है कि जब पुलिस के लिए काम करने वाले चौकीदार को ही बदमाश बीच सड़क रोककर बेरहमी से पीट दे रहे हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा।

https://www.indiatv.in/bihar/bihar-begusarai-watchman-on-duty-brutally-beaten-with-kicks-and-punches-on-street-know-details-2026-06-05-1223304