फीफा वर्ल्ड कप में हैट्रिक का कमाल: 33 की उम्र में रिकॉर्ड बनाने वाले रोनाल्डो समेत सबसे उम्रदराज फुटबॉलर्स

फीफा वर्ल्ड कप का अगला सीजन 11 जून से शुरू हो रहा है। इस मौके पर जानिए उन उम्रदराज फुटबॉलर्स के बारे में, जिनमें 33 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सबसे ज्यादा उम्र में हैट्रिक का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया।

फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ ‘फीफा वर्ल्ड कप’ का अगला सीजन 11 जून से शुरू होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह मैदान पर गोल दागे, लेकिन एक ही मुकाबले में तीन गोल यानी ‘हैट्रिक’ लगाना अपने आप में बेहद खास उपलब्धि मानी जाती है।

जब मैदान पर युवा खिलाड़ियों की रफ्तार और जोश का दबदबा रहता हो, तब बढ़ती उम्र के साथ खुद को साबित करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता। 30 साल की उम्र पार करने के बाद फुटबॉलर्स के लिए खुद को फिट बनाए रखना भी मुश्किल काम होता है। इसके बावजूद इतिहास में कुछ ऐसे ‘ओल्ड इज गोल्ड’ खिलाड़ी रहे हैं, जिन्होंने यह दिखा दिया कि उम्र महज एक आंकड़ा है। ऐसे ही दिग्गज फुटबॉलर्स ने वर्ल्ड कप के मंच पर हैट्रिक लगाकर अपना नाम फुटबॉल इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज करवा लिया।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो (पुर्तगाल)

दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में गिने जाने वाले पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो फीफा वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज फुटबॉलर हैं। साल 2018 के वर्ल्ड कप में स्पेन के खिलाफ खेले गए ग्रुप स्टेज मुकाबले में उन्होंने 33 साल और 130 दिन की उम्र में यह कारनामा कर दिखाया।

इस मैच में रोनाल्डो ने चौथे ही मिनट में पेनल्टी को गोल में तब्दील कर अपना खाता खोला। इसके बाद 44वें मिनट में उन्होंने स्पेन के स्टार गोलकीपर डेविड डी गेया को छकाते हुए दूसरा गोल दागा और पुर्तगाल को 2-1 से आगे कर दिया। हालांकि इसके बाद स्पेन ने जोरदार वापसी की और स्कोर 3-2 कर लिया।

जब ऐसा लगने लगा था कि पुर्तगाल यह मुकाबला हार जाएगा, तभी 88वें मिनट में रोनाल्डो ने 25 गज की दूरी से एक शानदार फ्री-किक दागकर स्कोर को 3-3 की बराबरी पर ला खड़ा किया और अपनी ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी की। इस तरह सबसे ज्यादा उम्र में वर्ल्ड कप हैट्रिक गोल का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गया।

https://hindi.news18.com/news/sports/football-five-oldest-footballers-to-score-a-hat-trick-in-the-fifa-world-cup-cristiano-ronaldo-creates-history-at-age-of-33-years-10543432.html