भारतीय पुरुष हॉकी अंडर-18 टीम ने एशिया कप 2026 में अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज हॉकी स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने एक समय पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की। आखिरी क्वार्टर से पहले भारतीय टीम 3-2 से पीछे चल रही थी, लेकिन मुकाबले के अंतिम मिनटों में खिलाड़ियों ने पूरी बाजी पलट दी और 5-3 के अंतर से जीत दर्ज की। इस यादगार जीत के असली नायक रहे आशीष तानी, जिन्होंने अकेले दम पर 4 गोल दागे।
पहले क्वार्टर में भारत आगे, फिर पाकिस्तान की वापसी
भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी खेल में होने वाला मुकाबला रोमांच से भरपूर होता है, और यह सेमीफाइनल भी इसका अपवाद नहीं रहा। पहले क्वार्टर के 12वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे आशीष तानी ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहला क्वार्टर खत्म होने तक भारतीय टीम यह बढ़त कायम रखने में सफल रही।
दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान का खेल काफी आक्रामक नजर आया और 27वें मिनट में अदील ने गोल कर स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला दिया। तीसरे क्वार्टर में भारत ने दोबारा बढ़त बनाई जब अली शाहरुख ने 35वें मिनट में गोल दागकर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। हालांकि पाकिस्तान ने तुरंत जवाब दिया और मुहम्मद फरहान असलम के गोल से स्कोर फिर 2-2 हो गया। इसके बाद 42वें मिनट में उजैर अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर पाकिस्तान को 3-2 की बढ़त दिला दी।
आशीष तानी ने जीते जिताए मैच में पलटी बाजी
मुकाबले का आखिरी क्वार्टर पूरे मैच का परिणाम बदलने वाला साबित हुआ और इसका सबसे बड़ा श्रेय आशीष तानी को जाता है। उन्होंने 49वें मिनट में गोल कर पहले स्कोर 3-3 की बराबरी पर पहुंचाया, फिर 53वें और 56वें मिनट में लगातार दो और गोल दागकर पाकिस्तान की हार तय कर दी। इस तरह टीम इंडिया ने 5-3 के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब भारतीय टीम फाइनल में 6 जून को जापान से भिड़ेगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय अंडर-18 टीम तीसरी बार एशिया कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2001 और 2016 में इस टूर्नामेंट का खिताब जीता था।
https://www.indiatv.in/sports/other-sports/ind-vs-pak-indian-u18-hockey-team-beat-pakistan-by-5-3-margin-in-mens-asia-cup-2026-semi-final-match-now-face-japan-on-final-2026-06-05-1223273