Vish Yog: 9 जून को मीन राशि में बनेगा विष योग, इन 3 राशियों को सेहत और धन के मामले में रखनी होगी सावधानी

9 जून को चंद्रमा के मीन राशि में प्रवेश से वहां पहले से मौजूद शनि के साथ विष योग बनेगा। सिंह, तुला और कुंभ राशि के जातकों को स्वास्थ्य और आर्थिक मामलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Vish Yog: जब शनि और चंद्रमा एक ही राशि में आकर युति बनाते हैं, तब विष योग का निर्माण होता है। 9 जून की सुबह 3 बजकर 37 मिनट पर चंद्रमा कुंभ राशि को छोड़कर मीन राशि में गोचर करने जा रहे हैं। मीन राशि में शनि पहले से ही मौजूद हैं, ऐसे में दोनों ग्रहों की युति से इसी राशि में विष योग बनेगा। इस योग का असर किन राशियों के जीवन पर पड़ सकता है और उन्हें किन उपायों को अपनाना चाहिए, आइए विस्तार से जानते हैं।

सिंह राशि

सिंह राशि के जातकों के अष्टम भाव में बनने वाला विष योग प्रतिकूल फल दे सकता है। इस अवधि में मानसिक तनाव बढ़ने की आशंका है। अचानक आर्थिक हानि भी हो सकती है, इसलिए धन से जुड़े मामलों में पूरी सावधानी रखें। जिन लोगों की उम्र 40 वर्ष से अधिक हो चुकी है, उन्हें किसी भी स्वास्थ्य समस्या को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उपाय के रूप में हनुमान चालीसा का पाठ करना लाभकारी रहेगा।

तुला राशि

तुला राशि वालों के छठे भाव में विष योग का निर्माण होगा, जिससे शत्रु पक्ष सक्रिय हो सकता है। कार्यक्षेत्र में किसी पर भी बिना सोचे-समझे भरोसा करना नुकसानदेह हो सकता है और धोखा मिलने की आशंका है। इस राशि के जातकों को सर्दी-जुकाम जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं। धन से जुड़ा कोई बड़ा निर्णय जल्दबाजी में न लें, अन्यथा हानि उठानी पड़ सकती है। यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। उपाय के तौर पर मां दुर्गा की आराधना करनी चाहिए।

कुंभ राशि

कुंभ राशि के दूसरे भाव में विष योग बनेगा, जो धन और परिवार का कारक माना जाता है। इस वजह से अचानक खर्चे बढ़ सकते हैं और आर्थिक स्थिति लड़खड़ा सकती है। इस दौरान आपको अपनी सेहत के साथ-साथ परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना होगा। माता-पिता से बातचीत करते समय शब्दों का चयन सोच-समझकर करें, वरना मतभेद की स्थिति बन सकती है। वैवाहिक जीवन में तालमेल बनाए रखने के लिए भी प्रयास करने होंगे। उपाय के रूप में कुंभ राशि के जातकों को भगवान शिव की आराधना करनी चाहिए।

https://www.indiatv.in/religion/news-vish-yog-9-june-2026-3-rashiyon-ko-sehat-or-aarthik-paksh-ko-lekar-rahna-hoga-satark-2026-06-05-1223280