झुंझुनूं जिले के मंड्रेला क्षेत्र से तीन साल पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुई एक महिला को मंड्रेला पुलिस ने आखिरकार ढूंढ निकालने में कामयाबी हासिल कर ली है। महिला वर्ष 2023 में किसी को कुछ बताए बिना अपने घर से निकल गई थी। लंबे अरसे तक उसका कोई सुराग न मिलने पर परिवार और पुलिस दोनों लगातार उसकी तलाश में लगे हुए थे। हाल ही में पुलिस को महिला के बारे में अहम जानकारी हाथ लगी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे ढूंढकर मंड्रेला थाने लाया गया।
14 साल साथ रहने के बाद छोड़ा था घर
थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ मंड्रेला क्षेत्र में करीब 14 वर्षों तक रही थी। उसका आरोप है कि पति शराब के नशे में आकर उसके साथ मारपीट किया करता था, जिसके चलते वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थी। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने वर्ष 2023 में घर छोड़ने का फैसला किया और किसी को बताए बिना वहां से चली गई।
पहचान छिपाकर फैक्ट्रियों में किया काम
महिला ने आगे बताया कि घर से निकलने के बाद उसने अपनी असली पहचान छिपाकर अलग-अलग शहरों में मजदूरी और नौकरी कर अपना गुजारा किया। इस दौरान वह हैदराबाद समेत कई अन्य स्थानों पर फैक्ट्रियों में काम करती रही। उसने इस पूरे समय में न तो अपने किसी परिजन और न ही किसी परिचित से कोई संपर्क रखा, यही वजह रही कि परिवार को उसके बारे में कोई खबर नहीं मिल पाई।
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
मंड्रेला पुलिस को कुछ दिन पहले ही महिला के ठिकाने की जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जरूरी कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित दस्तयाब किया और थाने लेकर आई। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
समझाइश के बाद पति के साथ जाने को राजी
थाने में पुलिस की मौजूदगी में महिला और उसके पति के बीच बातचीत करवाई गई। दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद उन्हें समझाइश की गई। बातचीत के बाद महिला ने अपने पति के साथ वापस रहने पर सहमति जता दी और उसके साथ घर लौटने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दी गई। करीब तीन साल बाद महिला के सुरक्षित मिलने से उसके परिवार में खुशी का माहौल है। मंड्रेला पुलिस का कहना है कि महिला को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों से मिलवा दिया गया है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jhunjhunu-mandrella-police-found-missing-wife-after-three-years-10543729.html