पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ीं
संसद भवन के भीतर साधु के कपड़े पहनकर चंदा चोरी का नाटक करना सांसद पप्पू यादव के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आक्रामक रुख अपना लिया है। नई दिल्ली में पप्पू यादव के खिलाफ आधिकारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज स्वयं DCP दफ्तर पहुंचीं और उन्होंने इस मामले में लिखित शिकायत दी है। केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी पप्पू यादव के विरुद्ध FIR दर्ज की गई है। इस कानूनी मामले में केवल पप्पू यादव ही नहीं, बल्कि राहुल गांधी और फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद का नाम भी शामिल किया गया है।
सनातन संस्कृति का अपमान करने का आरोप
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने इस पूरे प्रकरण पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू यादव ने साधु का वेश धरकर सनातन संस्कृति का मजाक उड़ाया है। बांसुरी स्वराज ने इस घटना के दौरान राहुल गांधी और अवधेश प्रसाद की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इन लोगों ने मिलकर सनातन परंपरा का अपमान करने का काम किया है। भाजपा का मानना है कि संसद जैसे गरिमामय स्थान पर इस तरह का नाटक किसी भी दृष्टि से स्वीकार्य नहीं है।
देशभर में विरोध और FIR
शुक्रवार को संसद परिसर में हुए इस ड्रामे से देश भर के साधु-संतों में भारी आक्रोश है। संतों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर वाराणसी के कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। संतों का तर्क है कि पप्पू यादव ने जानबूझकर हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। इसी कड़ी में दिल्ली के जहांगीरपुरी में भी उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है।
सड़कों पर पुतला दहन और नारेबाजी
पप्पू यादव के इस कृत्य के विरोध में देशभर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सांसद पप्पू यादव और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पोस्टर जलाए। वहीं, झारखंड की राजधानी रांची के अल्बर्ट एका चौक पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
VHP ने कड़े शब्दों में की निंदा
विश्व हिंदू परिषद के नेताओं ने इस प्रदर्शन को बेहद अशोभनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि सदन के भीतर जिस तरह से हिंदू रीति-रिवाजों और संतों की वेशभूषा का अपमान किया गया है, वह निंदनीय है। विहिप के अनुसार, यह पूरी घटना हिंदू समाज की मान्यताओं पर सीधा प्रहार है।
https://www.indiatv.in/india/politics/bjp-mp-bansuri-swaraj-files-complaint-against-pappu-yadav-sadhu-attire-protest-in-parliament-2026-08-01-1234759