दान पेटी में निकली चौथी की छात्रा की मासूम मन्नत— 'मां मुझे पास करा देना', जानिए और क्या मिला

देवास के माता टेकरी मंदिर में दान पेटियों की गणना के दौरान एक चौथी कक्षा की छात्रा की मन्नत पर्ची मिली, जिसने सबको भावुक कर दिया। इस बार गणना में 6 लाख 30 हजार रुपये से अधिक की राशि के साथ विदेशी मुद्रा भी सामने आई।

आस्था की नगरी देवास के प्रसिद्ध माता टेकरी मंदिर में शुक्रवार को दान पेटियों की गणना के समय एक मन्नत पर्ची सामने आई, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं। यह पर्ची चौथी कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने माता रानी के नाम लिखी थी। मासूम बच्ची ने अपनी प्रार्थना में लिखा था— “मां मुझे एग्जाम में पास करा देना”, मुझे चौथी पास करवा देना। श्रद्धा और विश्वास से भरे इन शब्दों ने सबका ध्यान खींचा और यह पर्ची पूरे दिन चर्चा का केंद्र बनी रही।

12 दान पेटियां खोली गईं

शुक्रवार को माता टेकरी स्थित दोनों माता मंदिरों की कुल 12 दान पेटियां खोली गईं। मंदिर समिति और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दान राशि की गणना की गई। इस दौरान पेटियों से नकदी के साथ-साथ बड़ी संख्या में मन्नत पर्चियां भी निकलीं, जिनमें श्रद्धालुओं ने अपनी अलग-अलग मनोकामनाएं लिखकर माता रानी से आशीर्वाद मांगा था।

हर पर्ची में अलग कामना

किसी श्रद्धालु ने इन पर्चियों में परिवार की खुशहाली की कामना की थी, तो किसी ने रोजगार मिलने की प्रार्थना की। कई भक्तों ने स्वास्थ्य लाभ, आर्थिक परेशानियों से मुक्ति और बच्चों की तरक्की के लिए माता रानी से आशीर्वाद मांगा। लेकिन चौथी कक्षा की छात्रा की सरल और निश्छल प्रार्थना ने सभी को भावुक कर दिया। मंदिर में मौजूद लोगों का कहना था कि यह पर्ची बच्चों की अटूट आस्था और माता रानी पर उनके विश्वास का सुंदर उदाहरण है।

6 लाख 30 हजार से अधिक की राशि

इस बार दान पेटियों की गणना में 6 लाख 30 हजार रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई। इसमें 70 हजार रुपये से ज्यादा के सिक्के भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं ने सोने-चांदी के आभूषण, मूल्यवान वस्तुएं और विदेशी मुद्रा भी माता के चरणों में अर्पित की।

दान पेटी से मिली कजाकिस्तान की मुद्रा

गणना के दौरान एक और रोचक बात सामने आई। दान पेटी से कजाकिस्तान की मुद्रा भी मिली, जो यह दर्शाती है कि माता टेकरी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था केवल देश तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में रहने वाले लोग भी इस पवित्र धाम से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं।

प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शुमार

देवास की माता टेकरी प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां वर्षभर लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि और अन्य धार्मिक अवसरों पर यहां भक्तों की विशेष भीड़ उमड़ती है। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं के साथ माता रानी के दरबार में पहुंचकर दान अर्पित करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/dewas-mother-please-help-me-pass-exam-a-fourth-class-student-wish-found-in-donation-box-10543445.html