मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के लिए सुरक्षा घेरा
कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता को सुनिश्चित करने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। जिले में ट्रैफिक डायवर्जन की नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। आधिकारिक सूचना के अनुसार, मंगलवार 28 जुलाई की रात 12 बजे से लेकर 12 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। सुरक्षा के नजरिए से यह भी स्पष्ट किया गया है कि 4 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून हाईवे (NH-58) का एक हिस्सा कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि दूसरे हिस्से पर हल्के वाहनों को चलने की अनुमति होगी। हालांकि, 4 अगस्त के बाद स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी और हाईवे का पूरा मार्ग केवल कांवड़ियों के लिए रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शिवभक्तों की सुरक्षा के प्रति पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने जनपदवासियों और हाईवे का उपयोग करने वाले सभी वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान रूट डायवर्जन के नियमों का सख्ती से पालन करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
रूट डायवर्जन की मुख्य व्यवस्था
- 29 जुलाई की रात से 12 अगस्त तक जनपद में किसी भी भारी वाहन को प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। इस अवधि में केवल हल्के वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से आवाजाही की छूट दी जाएगी।
- 29-30 जुलाई से 4 अगस्त तक नेशनल हाईवे-58 की बायीं लेन पूरी तरह से हरिद्वार से आ रहे कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगी। इसी बीच दायीं लेन पर हल्के वाहन मेरठ और हरिद्वार की तरफ दोनों दिशाओं में चल सकेंगे।
- 4 अगस्त से हाईवे पर सामान्य यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। 4 अगस्त से 12 अगस्त के बीच हाईवे की दोनों लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित होंगी और अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- सहारनपुर व हरिद्वार की ओर से आने वाले आवश्यक वस्तुओं के वाहन और अन्य गाड़ियां देवबंद, मलीरा कट, रामपुर तिराहा, पचैंडा, भोपा बाईपास, जानसठ बाईपास, मीरापुर और मोंटी तिराहा होते हुए मवाना से मेरठ की ओर जा सकेंगी। बिजनौर के लिए भी यही रास्ता निर्धारित किया गया है।
- शामली की तरफ से आने वाले वाहन लालूखेड़ी पिनना बाईपास, राणा चौक और बहलना कट के माध्यम से जानसठ पुल होते हुए शहर के अंदर प्रवेश करेंगे। बागपत और बड़ौत से आने वाले वाहनों को भी इसी रूट का अनुसरण करना होगा।
हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट
पुलिस ने हल्के वाहनों के संचालन के लिए भी एक विस्तृत गाइडलाइन जारी की है ताकि जाम की स्थिति न बने:
- दिल्ली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और मेरठ से सहारनपुर, हरिद्वार व देहरादून जाने वाले हल्के वाहनों को मीरापुर, जानसठ, सिखेड़ा, जानसठ बाईपास, बिलासपुर कट, भोपा बाईपास, पचेंडा बाईपास, रामपुर तिराहा, रोहाना और देवबंद मार्ग के जरिए भेजा जाएगा।
- बिजनौर से मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जाने वाले मध्यम व हल्के वाहन गंगा बैराज से मीरापुर, जानसठ बाईपास, भोपा बाईपास, पचेंडा बाईपास, रामपुर तिराहा और रोहाना होते हुए अपनी मंजिल तक पहुंचेंगे।
- मुजफ्फरनगर शहर से शामली की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए वहलना चौक से पीनना बाईपास और तितावी के रास्ते लालूखेड़ी तक का मार्ग तय किया गया है।
- हरिद्वार से मुजफ्फरनगर होकर शामली जाने वाले कांवड़ सेवा से जुड़े वाहन सिसौना, रामपुर तिराहा और होटल मोती महल के पास से होकर गुजरेंगे।
- मुजफ्फरनगर से खतौली जाने वाले वाहन भोपा रोड, जानसठ रोड और पचेंडा रोड से हाईवे पर पहुंचकर जानसठ बाईपास से सिखेड़ा होते हुए जाएंगे।
- मुजफ्फरनगर से बुढ़ाना जाने के लिए स्थानीय वाहनों को बुढ़ाना मोड़ और शाहपुर मार्ग का प्रयोग करना होगा, जबकि पुरकाजी जाने वाले वाहन भोपा रोड और जानसठ रोड से होकर हाईवे की बाईं पटरी का उपयोग करेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के पूरे रूट पर शराब और मांस की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। सभी वाहन चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस द्वारा बताए गए निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/kanwar-yatra-2026-muzaffarnagar-traffic-diversion-plan-heavy-vehicle-ban-2026-07-28-1233980