हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। देहरा उपमंडल के अप्पर कलोहा के पास अम्ब–नादौन सड़क पर हरिपुर के पंचायत समिति सदस्य राकेश कुमार की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में राकेश कुमार समेत उनके परिवार के सभी सदस्य घायल हो गए।
दर्शन कर लौट रहे थे परिवार के साथ
मिली जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार हाल ही में पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीते थे। इसी खुशी में वे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ऊना स्थित पीर निगाह में दर्शन के लिए गए हुए थे। वहां से वापस लौटते समय अप्पर कलोहा के पास उनकी कार का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह हवा में उछलते हुए सीधे खाई में जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को गरली अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद राकेश कुमार की पत्नी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि राकेश कुमार और उनके बच्चों का इलाज जारी है।
प्रधान भी रह चुके हैं राकेश कुमार
राकेश कुमार हरिपुर वार्ड-19 से पंचायत समिति सदस्य चुने गए हैं। इससे पहले वे हरिपुर ग्राम पंचायत के प्रधान के पद पर भी रह चुके हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
देहरा जिला पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/dharamsala-car-falls-into-gorge-bdc-member-and-family-injured-in-dehra-local18-ws-l-10543330.html