उत्तर भारत के पकवानों में दाल मखनी का नाम सबसे ऊपर आता है। पंजाबी खानपान की यह डिश अपने गाढ़े, क्रीमी और मक्खनदार स्वाद के लिए हर उम्र के लोगों की पसंदीदा है। इसे मुख्य रूप से साबुत उड़द दाल और राजमा से बनाया जाता है और धीमी आंच पर पकाकर तैयार किया जाता है। अगर इस वीकेंड आप कुछ अलग और लाजवाब बनाना चाहते हैं, तो रेस्तरां जैसी मलाईदार दाल मखनी एक बेहतरीन विकल्प है।
जरूरी सामग्री
- साबुत उड़द दाल – 1 कप
- राजमा – 1/4 कप
- पानी – 4-5 कप
- नमक – स्वाद अनुसार
- हल्दी पाउडर – 1/2 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटी चम्मच
- अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 बड़ा चम्मच
- टमाटर प्यूरी – 1 कप
- मक्खन – 2-3 बड़े चम्मच
- क्रीम – 1/2 कप
- जीरा – 1/2 छोटी चम्मच
- गरम मसाला – 1/2 छोटी चम्मच
- कसूरी मेथी – 1 छोटी चम्मच
- हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
- हरा धनिया – सजाने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले उड़द दाल और राजमा को अच्छी तरह धोकर रातभर या कम से कम 7-8 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। ऐसा करने से दाल नरम हो जाती है और पकने में कम समय लगता है।
भिगोई हुई दाल और राजमा को प्रेशर कुकर में डालें। इसमें नमक, हल्दी और 4 कप पानी मिलाकर 6-7 सीटी आने तक पकाएं, ताकि दाल पूरी तरह गल जाए। पकने के बाद दाल को हल्का सा मैश कर लें, इससे ग्रेवी गाढ़ी और क्रीमी बनती है।
अब एक कड़ाही या पैन में मक्खन गर्म करें और उसमें जीरा डालकर चटकने दें। इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर तब तक भूनें जब तक उसकी कच्ची महक खत्म न हो जाए। फिर टमाटर प्यूरी डालकर मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक मसाले के ऊपर तेल न दिखने लगे।
इसमें लाल मिर्च पाउडर, हरी मिर्च और थोड़ा नमक मिलाएं। अब उबली हुई दाल को इस मसाले में डालकर अच्छी तरह मिलाएं और धीमी आंच पर 20-25 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दाल तले में चिपके नहीं।
जब दाल अच्छी तरह गाढ़ी और क्रीमी हो जाए, तब इसमें क्रीम डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें, जिससे दाल का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं। दाल मखनी में मक्खन का इस्तेमाल खुले हाथ से किया जाता है, इसलिए अंत में थोड़ा मक्खन ऊपर से डालकर इसे और रिच बनाया जा सकता है।
परोसने का तरीका
गरमा-गरम दाल मखनी को हरे धनिये से सजाएं और इसे नान, तंदूरी रोटी, पराठा या जीरा राइस के साथ परोसें।
खास टिप्स
- दाल को जितनी अधिक देर धीमी आंच पर पकाया जाएगा, उसका स्वाद उतना ही बेहतर आएगा।
- क्रीम और मक्खन की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा की जा सकती है।
- असली स्वाद के लिए दाल को स्मोकी फ्लेवर देने के लिए कोयले के धुएं का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-this-weekend-try-this-creamy-dal-makhani-and-note-the-recipe-ws-el-10543073.html