मध्यप्रदेश में किसानों की बल्ले-बल्ले, सीएम मोहन यादव ने 82.70 लाख खातों में भेजे 3,300 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा के बलराम कृषि महोत्सव में प्रदेश के लाखों किसानों को आर्थिक मदद भेजी। साथ ही, उन्होंने राज्य में सिंचाई क्षमता और कृषक कल्याण के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं।

खंडवा में आयोजित भव्य बलराम कृषि महोत्सव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान राज्य के किसानों के लिए सौगातों की बौछार कर दी। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 3,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का हस्तांतरण किया। इस आर्थिक सहायता के तहत किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 4,000 रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जिसमें वर्ष 2025-26 की तीसरी किस्त और वर्ष 2026-27 की पहली किस्त शामिल है। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री का स्वागत पारंपरिक रूप से हल भेंट करके किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, मेधावी छात्रों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित भी किया। इसके साथ ही उन्होंने खंडवा में एक नई पुलिस बटालियन स्थापित करने और खंडवा-बूंदी मार्ग के लिए 15 सितंबर से पूर्व टेंडर जारी करने का ऐलान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पर किसान कल्याण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार किसान हित में बड़े फैसले लेने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता की मेहनत और उनके पसीने से ही देश को अन्न मिलता है, इसलिए हमारी सरकार उनके प्रति सदैव आदर भाव रखती है। आज राज्यभर के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसान परिवारों को सीधे उनके बैंक खातों में 3300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजकर उन्हें बड़ी राहत दी गई है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार का हर कदम किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए उठाया जा रहा है।

बलराम महोत्सव और किसान कल्याण वर्ष का संकल्प

मुख्यमंत्री ने विश्व पटल पर भारत की बढ़ती साख और संस्कृति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को पूरी दुनिया में फैला रहा है। हमारी परंपरा जियो और जीने दो की रही है, जिसमें हम जीव-जंतुओं के प्रति भी दया भाव रखते हैं। उन्होंने बताया कि भगवान बलराम कृषि जगत के प्रथम देवता माने जाते हैं। किसानों की आय को दोगुना करने के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाने का फैसला लिया है, जिसके अंतर्गत पूरे प्रदेश में बलराम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

सिंचाई क्षमता में रिकॉर्ड वृद्धि और आधुनिक कृषि

सिंचाई सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की संकल्प शक्ति का ही परिणाम है कि प्रदेश का सिंचाई रकबा जो वर्ष 2002-03 से पहले केवल 44 लाख हेक्टेयर था, अब वह बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने कहा कि मात्र पिछले ढाई वर्षों में ही सिंचाई क्षेत्र में 10 लाख हेक्टेयर से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकार अब किसानों को ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक और आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले वर्षा काल के बाद किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय भी पर्याप्त बिजली मुहैया कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है, जिसके तहत लक्ष्य को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने की योजना है।

रोडवेज बस सेवा और अन्य जनहितकारी घोषणाएं

किसानों के साथ ही समाज के हर वर्ग के उत्थान पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। अगले महीने से प्रदेश की जनता को सरकारी रोडवेज बसों की सुविधा मिलने लगेगी। उन्होंने एयर एंबुलेंस सेवा का जिक्र करते हुए कहा कि यह गरीब और जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत बनी है। इसके अलावा, राज्य सरकार भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम से जुड़े पवित्र धार्मिक स्थलों को तीर्थ स्थलों के रूप में विकसित कर रही है। सिंहस्थ 2028 के आयोजन की तैयारियां चल रही हैं और ओंकारेश्वर धाम में भी हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं।

एक समान नागरिक संहिता का पुरजोर समर्थन

डॉ. यादव ने प्रदेश में एक देश, एक विधान, एक प्रधान के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विधानसभा से एक समान नागरिक संहिता (UCC) पास कराई गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कराए गए सर्वे में साढ़े 3 करोड़ से अधिक लोगों को एसएमएस भेजे गए थे और 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए। सीएम ने दावा किया कि सर्वे में 76 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम महिलाओं ने भी UCC को लागू करने का समर्थन किया है। उन्होंने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही बहनों को तीन तलाक जैसी कुरीतियों से मुक्ति मिली है।

https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/cm-mohan-yadav-transfer-rs-4-000-each-to-accounts-of-82-70-lakh-farmers-gifts-over-rs-3-300-crore-2026-07-27-1233693