कुंडा के विधायक राजा भैया का बढ़ा लग्जरी गाड़ियों का काफिला, 3.45 करोड़ की नई Lexus SUV खरीदी

प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने अपनी महंगी गाड़ियों की फेहरिस्त में एक और कीमती नाम जोड़ा है। उन्होंने 3.45 करोड़ रुपये की Lexus LX 500d SUV खरीदी है, जो अपनी अत्याधुनिक जापानी टेक्नोलॉजी के लिए मशहूर है।

शाही शौक और नई सवारी

प्रतापगढ़ जिले के कुंडा क्षेत्र से लगातार सात बार विधायक चुने गए जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह, जिन्हें लोग राजा भैया के नाम से जानते हैं, ने अपने निजी वाहन बेड़े में एक नई और शानदार गाड़ी शामिल की है। उन्होंने 3.45 करोड़ रुपये की Lexus LX 500d SUV खरीदी है। जापानी तकनीक से सुसज्जित इस अल्ट्रा लग्जरी 5-सीटर गाड़ी में डुअल-टोन इंटीरियर, हाई-टेक टचस्क्रीन सिस्टम और वायरलेस चार्जिंग जैसी कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। राजा भैया के काफिले में इस महंगी कार का शामिल होना अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

गाड़ियों के प्रति खास लगाव

राजा भैया न केवल महंगी और लक्जरी गाड़ियों के शौकीन हैं, बल्कि वे अपनी गाड़ियों के नंबरों को लेकर भी खासे सतर्क रहते हैं। उनके काफिले में मौजूद लगभग सभी गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन नंबर 0001 ही होता है। राजा भैया के लखनऊ स्थित आवास और उनके प्रसिद्ध बेंती महल में पहले से ही कई करोड़ों की गाड़ियां मौजूद हैं। पिछले वर्ष यानी साल 2025 में भी उन्होंने 16 अक्टूबर को 2.69 करोड़ रुपये की एक्स-शोरूम कीमत वाली 4-सीटर Lexus LM350h अल्ट्रा-लक्ज़री कार खरीदी थी।

शानदार कार कलेक्शन की झलक

उनके गैराज में केवल लेक्सस ही नहीं, बल्कि दुनिया की अन्य बेहतरीन गाड़ियां भी मौजूद हैं। राजा भैया के पास साल 2023 में खरीदी गई रेंज रोवर ऑटोबायोग्राफी और साल 2020 में ली गई रेंज रोवर डिफेंडर मौजूद है। जानकारों का कहना है कि डिफेंडर उस समय उत्तर प्रदेश में खरीदी गई पहली गाड़ी थी। इस डिफेंडर में P300 2-लीटर टर्बोचार्ज्ड इंजन लगा हुआ है, जो पेट्रोल और डीज़ल दोनों वेरिएंट में आता है और हाईवे के साथ ही दुर्गम रास्तों पर भी बेहद दमदार प्रदर्शन करता है।

घोड़ों के शौकीन राजा भैया

राजा भैया का शौक केवल चार पहिया वाहनों तक सीमित नहीं है। उन्हें घोड़ों को पालने का भी गहरा शौक है और उनके अस्तबल में कई कीमती घोड़े मौजूद हैं। कुछ महीने पहले उन्हें महाराष्ट्र से एक दोस्त द्वारा तोहफे में लगभग ₹1.5 करोड़ कीमत का एक मारवाड़ी घोड़ा मिला था। इस घोड़े को महाराष्ट्र से प्रतापगढ़ तक एक विशेष एयर-कंडीशंड एम्बुलेंस में लाया गया था। भदरी किले में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इसका स्वागत किया गया था। विजयराज नाम के इस मारवाड़ी घोड़े की शाही चाल और चमकदार खाल हर किसी का मन मोह लेती है। यह घोड़ा अब बेंती राजभवन के अस्तबल की शोभा बढ़ा रहा है और उसके पास एक आधिकारिक पासपोर्ट भी है, जो उसकी सर्टिफाइड वंशावली को प्रमाणित करता है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/kunda-mla-raja-bhaiya-buys-car-worth-over-rs-3-crore-suv-equipped-with-japanese-technology-2026-07-25-1233431