भ्रष्टाचार के आरोप में सीबीआई का बड़ा एक्शन
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ के रीजनल ऑफिस में तैनात एक इन्फोर्समेंट अफसर को केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शुभम त्यागी के तौर पर हुई है, जिन्होंने यूपीएससी की परीक्षा में 76वीं रैंक हासिल की थी। शुभम त्यागी पर एक ठेकेदार से 4 लाख रुपये की अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप है। सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है।
क्या है पूरा मामला
सीबीआई के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एक ठेकेदार ने शिकायत दर्ज कराई। पंजाब में ठेकेदारी का काम करने वाले इस व्यक्ति के खिलाफ ईपीएफओ के पास कर्मचारी भविष्य निधि और विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 की धारा 7ए के तहत एक शिकायत लंबित थी। उस पर आरोप था कि उसने अपने 30 कर्मचारियों का पीएफ जमा नहीं कराया है। इस मामले की जांच की जिम्मेदारी इन्फोर्समेंट अफसर शुभम त्यागी को सौंपी गई थी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने विभाग को जांच के दौरान सभी जरूरी दस्तावेज मुहैया करा दिए थे, बावजूद इसके आरोपी अधिकारी ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। शुभम त्यागी ने शिकायतकर्ता को धमकी दी कि वह उसके खिलाफ प्रतिकूल रिपोर्ट तैयार करेगा और उस पर भारी-भरकम जुर्माना लगाने की सिफारिश करेगा।
रिश्वत के लिए बनाया दबाव
आरोपी अधिकारी ने इस पूरे मामले को रफा-दफा करने के लिए शिकायतकर्ता को 21 जुलाई को चंडीगढ़ स्थित ईपीएफओ ऑफिस में बुलाया। वहां बातचीत के दौरान शुभम त्यागी ने जांच को न्यूनतम जुर्माने के साथ बंद करने की एवज में 4 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। परेशान ठेकेदार ने इसकी सूचना तुरंत सीबीआई को दी, जिसके बाद 22 जुलाई को एजेंसी ने मामला दर्ज किया और आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष जाल बुना। आखिरकार, सीबीआई ने उसे 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए धर दबोचा।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
रंगे हाथों गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने शुभम त्यागी को चंडीगढ़ की सक्षम अदालत में पेश किया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सीबीआई ने आरोपी के आधिकारिक दफ्तर, घर और अन्य ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान भी चलाया है, जहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें बरामद की गई हैं। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
2023 की परीक्षा में मिली थी कामयाबी
गौरतलब है कि शुभम त्यागी वर्ष 2023 की यूपीएससी परीक्षा में 76वीं रैंक पाकर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा बरेली से पूरी की थी। सिविल सेवा में चयन के बाद उन्हें पंजाब कैडर मिला था और उनकी तैनाती पटियाला में थी, लेकिन वह प्रशासनिक कामकाज के सिलसिले में चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित रीजनल मुख्यालय में अपनी रिपोर्टिंग करते थे। मेधावी छात्र के रूप में पहचान बनाने वाले शुभम त्यागी की गिरफ्तारी ने पूरे प्रशासनिक गलियारे में हलचल पैदा कर दी है।
https://hindi.news18.com/news/haryana/chandigarh-city-epfo-officer-shubham-tyagi-arrested-by-cbi-while-taking-bribe-local18-10685671.html