हिमाचल के लाहौल स्पीति में भीषण हादसा
हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पांगी-उदयपुर मार्ग पर एक टाटा सूमो गाड़ी अचानक पहाड़ी से गिरी भारी चट्टानों की चपेट में आ गई। इस भयावह हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। लाहौल स्पीति पुलिस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य के लिए टीमें मौके पर भेजी गई हैं। घटना लाहौल घाटी से लगभग 60 से 70 किलोमीटर दूर कडू नाला के पास हुई, जहां चलती गाड़ी पर पहाड़ी का मलबा और बड़ी-बड़ी चट्टानें आ गिरीं।
प्रशासन का राहत और बचाव अभियान
भरमौर के विधायक जनक राज ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि चंबा और लाहौल स्पीति के जिलाधिकारियों से राहत कार्यों को तत्काल तेज करने का आग्रह किया गया है। स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। हादसे का शिकार हुए सभी लोग चंबा के निवासी बताए जा रहे हैं। यह दर्दनाक घटना उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर हुई। यात्रियों से भरी यह टैक्सी पांगी की ओर जा रही थी, तभी अचानक पहाड़ी दरकने से गाड़ी मलबे के नीचे पूरी तरह दब गई। रेस्क्यू टीम ने मलबे से एक व्यक्ति को घायल हालत में बाहर निकाला है, जिसे तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल, अन्य लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
भूस्खलन के कारण बंद था रास्ता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग भारी भूस्खलन के चलते एक दिन पहले ही बंद कर दिया गया था। इसी कारण सभी यात्री अपनी यात्रा को बीच में ही रोककर तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को जब सड़क को यातायात के लिए बहाल किया गया, तो गाड़ी वापस पांगी की तरफ रवाना हुई। दुर्भाग्यवश, जैसे ही टैक्सी कडू नाला के पास पहुंची, पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। वाहन इस मलबे के नीचे दब गया और यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मलबा हटाने का काम जारी
घटनास्थल पर बचाव दल द्वारा मलबे को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि बचाव अभियान के पूरी तरह संपन्न होने के बाद ही हताहतों की अंतिम संख्या के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। चंबा क्षेत्र में हाल ही में एक और घटना चर्चा में रही थी, जिसमें एक ट्रक 800 मीटर गहरी खाई के मुहाने पर लटक गया था, लेकिन चालक की समझदारी से वहां बड़ा हादसा टल गया था। इस बार किस्मत ने यात्रियों का साथ नहीं दिया और एक ही झटके में 13 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
https://www.indiatv.in/india/national/13-people-died-after-rock-fell-on-tata-sumo-truck-truck-suspended-over-800-meter-deep-ditch-2026-07-24-1233190