इस बार ओटीटी की तरह ही बड़े पर्दे पर भी रौनक छाई हुई है। कई बड़े कलाकारों की फिल्में इस सप्ताह थिएटरों में पहुंच चुकी हैं, जिन्हें दर्शक आराम से देख सकते हैं। राम चरण, वरुण धवन और बॉबी देओल जैसे जाने-माने सितारों से सजी ये फिल्में रिलीज होते ही चर्चा में आ गई हैं। राम चरण की 'पेड्डी' ने अपनी रिलीज के पहले ही दिन 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर डाली है। वहीं बॉबी देओल की डार्क कॉमेडी थ्रिलर 'बंदर' भी सोशल मीडिया पर खूब छाई हुई है। दर्शकों का कहना है कि अनुराग कश्यप की यह फिल्म जबरदस्त है और इसमें बॉबी देओल का किरदार भी उतना ही दमदार है। इनके अलावा एक और फिल्म इस हफ्ते हंसी का तड़का लगाने को तैयार है, और वह है वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है।' आइए इन सभी फिल्मों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
पेड्डी
राम चरण की 'पेड्डी' में जगपति बाबू, जाह्नवी कपूर, द्वियेंदु शर्मा और शिव राजकुमार जैसे कई बेहतरीन कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। यह एक स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा है, जो एक दिन पहले ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म की कहानी में गहरे जज्बात के साथ-साथ खूब रोमांच भी है। पूरी कहानी एक ऐसे गांव के इर्द-गिर्द घूमती है जिसकी कोई पहचान नहीं है, और इसी गांव में पेड्डी नाम का एक खिलाड़ी रहता है जो अपने खेल के जरिए अपने गांव को पहचान दिलाने की कोशिश करता है। फिल्म में ऐसा गांव दिखाया गया है, जहां बुनियादी सुविधाओं तक की कमी है। जाह्नवी कपूर इसमें राम चरण की प्रेमिका की भूमिका में हैं। अगर राम चरण के किरदार की बात करें तो उनका ट्रांसफॉर्मेशन देखने लायक है—वे एक क्रिकेटर, स्प्रिंटर और पहलवान, तीनों रूपों में बखूबी जमे हैं।
रिलीज डेट: 4 जूनप्लेटफॉर्म: थिएटर्सजॉनर: स्पोर्ट्स एक्शन थ्रिलर
बंदर
बॉबी देओल की 'बंदर' मीटू मूवमेंट से जुड़ी कहानी पर आधारित है। इस फिल्म में बॉबी देओल एक टीवी अभिनेता की भूमिका में हैं, जिन पर उनकी एक्स गर्लफ्रेंड यौन उत्पीड़न का आरोप लगा देती है। सबा आजाद फिल्म में बॉबी की मौजूदा गर्लफ्रेंड के रोल में हैं, जबकि सपना पब्बी ने एक्स गर्लफ्रेंड का किरदार निभाया है। सान्या मल्होत्रा बहन की भूमिका में दिखाई देती हैं। बॉबी के किरदार पर ये आरोप उस समय लगते हैं, जब उनका करियर ढलान की ओर बढ़ रहा होता है। फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है और इसे बॉबी के करियर के लिए गेम चेंजर माना जा रहा है। दर्शकों का दावा है कि यह उनके करियर का सबसे शानदार अभिनय है।
रिलीज डेट: 5 जूनप्लेटफॉर्म: थिएटर्सजॉनर: डार्क कॉमेडी थ्रिलर
है जवानी तो इश्क होना है
वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की मुख्य भूमिकाओं वाली 'है जवानी तो इश्क होना है' भी सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है। इसमें मॉनी रॉय, जिम्मी शेरगिल और मनीष पॉल भी अहम किरदारों में हैं। फिल्म का निर्देशन डेविड धवन ने किया है। अगर आप डेविड धवन के अंदाज वाली, बिना सिर-पैर की कॉमेडी के शौकीन हैं, तो यह फिल्म आपके लिए है। 'है जवानी तो इश्क होना है' में लव ट्रायंगल, दो शादियों और फिर प्रेग्नेंसी की कहानी देखने को मिलेगी।
रिलीज डेट: 5 जूनप्लेटफॉर्म: थिएटर्सजॉनर: कॉमेडी ड्रामा
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/bobby-deol-to-ram-charan-three-stars-set-to-dominate-box-office-this-week-delivering-dose-of-entertainment-with-unique-unconventional-films-2026-06-05-1223243