बारिश की पहली फुहार पड़ते ही कुछ गरम और चटपटा खाने का मन करने लगता है। ऐसे मौसम में चाय के शौकीन लोग अक्सर समोसे और कचौड़ी की दुकानों की ओर रुख कर लेते हैं, क्योंकि गर्मागर्म पकौड़े और समोसे बारिश का आनंद कई गुना बढ़ा देते हैं। अगर आपको समोसे बहुत पसंद हैं, लेकिन मैदा खाने से परहेज करते हैं, तो यहां हम आपके लिए गेहूं के आटे से बनने वाले समोसे की रेसिपी लेकर आए हैं। आटे के ये समोसे खाने में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं, बनाने में आसान होते हैं और मैदा के समोसों के मुकाबले कहीं ज्यादा सेहतमंद भी होते हैं। आइए जानते हैं कि इन समोसों में क्या-क्या डाला जाता है और इनका आटा किस तरह तैयार किया जाता है।
समोसे का आटा कैसे गूंथें
आटे के समोसे बनाने के लिए सबसे पहले 1 कप गेहूं का आटा लें। आटे को हल्के हाथों से छान लें और फिर इसमें मोयन डालें। मोयन के लिए सरसों के तेल को छोड़कर किसी भी तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। मोयन इतनी मात्रा में डालें कि सूखे आटे में मिलाने के बाद अगर उसे मुट्ठी में लेकर दबाया जाए तो वह बंध जाए, यानी दबाने पर आटे का लड्डू जैसा आकार बन जाए। अब आटे में थोड़ा नमक और क्रश की हुई अजवाइन मिलाकर गुनगुने पानी की मदद से सख्त आटा गूंथ लें। समोसे का आटा पूरी जैसा कड़ा रखा जाता है। ऊपर से आटे को हल्का चिकना करके ढक दें और 15 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें।
समोसे की आलू स्टफिंग कैसे बनाएं
स्टफिंग के लिए एक पैन में थोड़ा जीरा, साबुत धनिया और काली मिर्च हल्की भून लें। ठंडा होने पर इन मसालों को दरदरा पीस लें। अब पैन में 1 चम्मच तेल डालकर उसमें जीरा चटकाएं। इसके बाद तेल में बारीक कटी हरी मिर्च और उबले हुए मटर के दाने डालें। फिर इसमें उबले हुए आलू मसलकर मिला दें। ऊपर से थोड़ा हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और दरदरा पिसा हुआ मसाला डालकर सारी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा आमचूर पाउडर डालें, साथ में बारीक कटा हरा धनिया भी मिला दें। स्टफिंग में आप अपनी पसंद के अनुसार चीजों की मात्रा घटा-बढ़ा सकते हैं। आलू को हल्का भूनकर गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें।
समोसे में स्टफिंग कैसे भरें
अब गूंथे हुए आटे को हाथ से हल्का सेट करके रोटी जैसी लोई बना लें। इस लोई को चकले पर रोटी की तरह बेल लें और बीच से काटकर दो भाग कर दें। एक कटोरी में 1 चम्मच आटा और पानी का गाढ़ा घोल तैयार कर लें, जिससे समोसे को चिपकाया जाएगा। कटी हुई साइड पर यह घोल लगाकर समोसे जैसा आकार दें, उसमें आलू की स्टफिंग भरें और फिर ऊपर से अच्छी तरह बंद कर दें। इसी तरह पहले से सारे समोसे भरकर तैयार कर लें।
समोसे को कैसे तलें
अब कड़ाही में तेल गर्म करें और जब तेल गरम हो जाए तो गैस की आंच एकदम धीमी कर दें। तेल में समोसे डालकर उन्हें धीमी आंच पर तलने दें। जब समोसे अच्छी तरह सिक जाएं तो उन्हें निकाल लें। सारे समोसे इसी तरह धीमी आंच पर ही तलने हैं, इससे ये काफी खस्ता और करारे बनते हैं।
समोसे को किसके साथ परोसें
तैयार समोसों को आप चाय के साथ, हरी चटनी या लाल मीठी चटनी के साथ परोस सकते हैं। इन्हें खाते ही आपको बेहद मजा आएगा। चाहें तो आप इन समोसों को बिना चटनी के भी आराम से खा सकते हैं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/recipe-of-wheat-flour-samosa-atta-ka-samosa-kaise-banaye-enjoy-with-tea-in-pleasant-weather-2026-06-05-1223211