ईरान के साथ समझौते पर ट्रंप का बड़ा दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी सैन्य तनाव को केवल एक छोटी-मोटी झड़प करार दिया है। जॉर्जिया के मैरिएटा में अपनी सरकार की ट्रंप अकाउंट्स पहल के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि ईरान वर्तमान में अमेरिका के साथ किसी समझौते पर पहुंचने की कोशिश कर रहा है। ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि ईरान को हालिया सैन्य कार्रवाई में काफी नुकसान उठाना पड़ा है, जिसके कारण वे अब वार्ता की मेज पर आने के लिए इच्छुक हैं।
ईरान के साथ हमारी जो झड़प चल रही है, मैं इसे यही कहूंगा क्योंकि उन्हें बहुत जोरदार चोट लगी है और वे समझौता करना चाहते हैं। लेकिन मेरा कहना है कि वे डील करने के लिए तैयार नहीं हैं क्योंकि हर बार जब वे डील करते हैं, तो वे उसमें बदलाव करना चाहते हैं। वे अभी तैयार नहीं हैं। वे बहुत जल्द तैयार हो जाएंगे: डोनाल्ड ट्रंप
शहीद सैनिक के परिजनों को दिया सम्मान
इस कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने शहीद अमेरिकी सैनिक लेफ्टिनेंट टायलर फीहन के परिवार को विशेष रूप से सम्मानित किया। हाल ही में, ट्रंप डेलावेयर के डोवर एयरफोर्स बेस पर भी देखे गए थे, जहां उन्होंने ईरान के साथ जारी संघर्ष में जान गंवाने वाले 4 अमेरिकी सैनिकों के पार्थिव शरीरों की वापसी की प्रक्रिया में हिस्सा लिया था और उन्हें अंतिम विदाई दी थी।
बाइडेन प्रशासन पर साधा निशाना
ट्रंप ने अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और डेमोक्रेटिक पार्टी पर तीखा हमला किया। उन्होंने दावा किया कि अब दुनिया अमेरिका का मजाक नहीं उड़ाती है और स्थिति में काफी सकारात्मक बदलाव आए हैं। ट्रंप ने कहा कि 18 महीने पहले अमेरिका बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि जो बाइडेन और वामपंथी डेमोक्रेट्स की नीतियों के कारण पिछले 48 वर्षों में देश में सबसे अधिक महंगाई का सामना करना पड़ा था।
ईरान की चेतावनी और वैश्विक व्यापार पर संकट
दूसरी ओर, ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने अमेरिका को स्पष्ट चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान के बुनियादी ढांचे या किसी भी क्षेत्र पर अमेरिकी एयरस्ट्राइक होती है, तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। इस बीच, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने Bab el-Mandeb स्ट्रेट को सऊदी अरब के जहाजों के लिए बंद करने का ऐलान कर दिया है। यह क्षेत्र वैश्विक व्यापार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि दुनिया का 12% व्यापार इसी रास्ते से होता है। जानकारों का मानना है कि इस स्ट्रेट के बंद होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।
https://www.indiatv.in/world/us/trump-calls-iran-conflict-minor-skirmish-says-tehran-wants-deal-warns-of-tough-stance-2026-07-23-1232855