भोपाल की रहने वाली ख्याति जैन की मौत का प्रकरण इन दिनों खासी चर्चा बटोर रहा है। उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था, जिसके बाद परिवार और पुलिस दोनों ही स्तर पर तमाम सवाल उठ खड़े हुए हैं। सबसे अधिक चर्चा उस संदेश को लेकर है, जो ख्याति ने मौत से पहले अपनी मां को भेजा था। उस मैसेज में लिखा था कि मां, आपने मेरी जान ले ही ली। अब उसके कमरे से एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें उसने अपने सपने का जिक्र किया है।
तस्वीर में सपनों को लेकर क्या लिखा था
भोपाल में ख्याति जैन की मौत की पहेली अब तक सुलझ नहीं सकी है। यह आत्महत्या थी या कोई साजिश, इसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। इंसाफ की खातिर ख्याति की मां वर्षा जैन दर-दर भटक रही हैं, क्योंकि अब तक इस मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं हो सकी है। पुलिस ने फिलहाल केवल मर्ग कायम किया है, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े हुए हैं।
ख्याति नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी भोपाल में दाखिले की तैयारी कर रही थी। जिस मेज पर बैठकर वह पढ़ाई करती थी, उस पर उसने अपने सपने को लेकर लिखा था कि इसे मां को समर्पित करना है। मम्मी के लिए सब कुछ करना है और मम्मी को गर्व का अहसास कराना है।
मां ने बॉयफ्रेंड पर लगाए गंभीर आरोप
ख्याति की मां वर्षा जैन ने बातचीत में बॉयफ्रेंड तनिष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का कहना है कि मौत के बाद तीन घंटे तक तनिष उन्हीं के फ्लैट पर मौजूद रहा। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन शाम 6:30 बजे वह वीडियो बनाने के लिए उनके फ्लैट पर वापस लौटा था।
मां ने सवाल उठाया कि जब तनिष की मौजूदगी में ख्याति ने आत्महत्या की, तो उसने इसकी सूचना नीचे रहने वाले मकान मालिक को क्यों नहीं दी और पुलिस को भी क्यों नहीं बताया। उनका कहना है कि वह लगातार फोन कर रहा था। साथ ही उन्होंने पूछा कि वह शाम के समय हेलमेट पहनकर क्यों आया था।
परिजन कर रहे जांच की मांग
ख्याति के परिजनों का आरोप है कि आखिरी तीन घंटों में उसके साथ उसका बॉयफ्रेंड मौजूद था, जिसके चलते संदेह और गहरा गया है। यही वजह है कि परिवार लगातार जांच की मांग कर रहा है, लेकिन प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
दूसरी ओर ख्याति के मोबाइल से कई ऐसे संदेश मिले हैं, जिन्होंने मामले को और उलझा दिया है। इनमें कथित तौर पर लिखा था कि मां, आपने ही मेरी जान ले ली। वहीं मां का कहना है कि जिस दिन ख्याति की मौत हुई, उस दिन वह इंटरव्यू देने सोनकच्छ गई थीं।
मां ने यह भी बताया कि पुलिस ने कहा है कि ख्याति ने नस काटकर आत्महत्या की है, लेकिन कहीं भी खून नहीं मिला और अब तक जांच भी सही ढंग से नहीं हो रही है।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/bhopal-khyati-jain-room-photo-she-write-about-her-dream-want-make-mom-proud-local18-10543189.html