दिल्ली के जंतर मंतर पर फिर बढ़ा तनाव, उपद्रवियों के हमले में एसीपी घायल

राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर और टॉलस्टॉय मार्ग पर प्रदर्शनकारियों की भीड़ में छिपे उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें कनॉट प्लेस के एसीपी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

टॉलस्टॉय मार्ग पर पुलिस पर हमला

देश की राजधानी दिल्ली का जंतर मंतर एक बार फिर हिंसक प्रदर्शन का गवाह बना है। बुधवार की रात लगभग 8.30 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित टॉलस्टॉय मार्ग पर अचानक स्थिति बिगड़ गई। यहां प्रदर्शनकारियों की भीड़ के बीच छिपे कुछ उपद्रवियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपना निशाना बनाया। भीड़ ने अचानक पुलिस बल पर पत्थरबाजी की और बोतलों से हमला किया। इस हिंसक झड़प में कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए हैं। उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए आरएमएल अस्पताल ले जाया गया है, जहां वरिष्ठ अधिकारी उनकी निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस ने किया आंसू गैस का उपयोग

घटनास्थल से सामने आए वीडियो फुटेज में साफ़ तौर पर देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारियों के हाथों में लाठियां हैं और वे आक्रामक तरीके से पुलिसकर्मियों पर हमला कर रहे हैं। स्थिति को अनियंत्रित होते देख पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया। गौरतलब है कि इससे पूर्व 20 जुलाई को भी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स तोड़कर संसद के गेट तक पहुंच गए थे, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा था।

SMS के जरिए हिंसा की साजिश की आशंका

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने इस पूरे बवाल के पीछे एक बड़ी साजिश का अंदेशा जताया है। हालांकि नई दिल्ली क्षेत्र में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लागू है, लेकिन टॉलस्टॉय मार्ग और जनपथ जैसे इलाकों में SMS का आदान-प्रदान बड़ी संख्या में हो रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या जंतर मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारी इन संदेशों के माध्यम से अन्य क्षेत्रों में बैठे लोगों को हिंसा के लिए उकसा रहे हैं या दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

आरएएफ जवान के साथ मारपीट

हिंसा की ये घटनाएं केवल बुधवार तक सीमित नहीं हैं। एक दिन पहले भी जंतर मंतर के आसपास का माहौल बेहद तनावपूर्ण था। कनॉट प्लेस के पास तैनात आरएएफ (RAF) के एक जवान को भीड़ ने घेर लिया और उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। उपद्रवियों ने जवान के साथ अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया। जवान को काफी मशक्कत के बाद भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

पटना में भी प्रदर्शन की आग

दिल्ली में शुरू हुआ यह प्रदर्शन अब देश के अन्य हिस्सों में भी तेजी से फैल रहा है। बिहार की राजधानी पटना में वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। गांधी भवन से राजभवन तक निकाले गए इस मार्च में 5 हजार से अधिक छात्र शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी झड़प हुई और उन्होंने पुलिस पर पथराव किया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया, वाटर कैनन का उपयोग किया और भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस छोड़ी।

https://www.indiatv.in/india/national/jantar-mantar-latest-update-miscreants-attacks-delhi-police-2026-07-22-1232812