पटना: बिहार की राजधानी पटना में पिछले कुछ दिनों से कोचिंग संस्थानों के बीच तीखी तकरार सुर्खियों में बनी हुई है। इसी कड़ी में अब एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया है, जिसमें कुछ युवक रौशन आनंद की कोचिंग का बैनर फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि इस फुटेज में बैनर फाड़ रहे युवकों के चेहरे बिल्कुल साफ नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि पूरे विवाद की जड़ इसी बैनर को फाड़े जाने की घटना में छिपी है। पुलिस की टीम इस पूरे प्रकरण की पड़ताल में जुटी हुई है। मामले में रौशन आनंद को गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं खान सर को पकड़ने के लिए पुलिस ने अपनी कोशिशें और तेज कर दी हैं।
बैनर फाड़ने का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
मिली जानकारी के अनुसार, पटना के कदमकुआं इलाके में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद का एक बैनर लगा हुआ था। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस बैनर को फाड़ दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव गहराने लगा। इसी घटनाक्रम के बाद खान सर की खान ग्लोबल स्टडीज कैंपस में भी ईंट-पत्थर फेंके जाने, होर्डिंग तोड़े जाने और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की घटना सामने आई। इस दौरान एक गार्ड घायल भी हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। तभी से दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद और गहराता चला गया।
बैनर फाड़ने के बाद बढ़ा बवाल
बैनर फाड़ने की इस घटना के बाद 2 जून की रात पटना में फैजल खान उर्फ खान सर की कोचिंग के बाहर भी जमकर हंगामा हुआ, जिसका वीडियो भी सार्वजनिक हो चुका है। इस बवाल के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार किया जा चुका है। दूसरी ओर अब फैजल खान उर्फ खान सर पर भी गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है। पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
खान सर की तलाश में जुटी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, खान सर के विरुद्ध हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह एफआईआर कदमकुआं थाने में दर्ज की गई है, जिसके बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है। फैजल खान और उनके दोनों गार्डों पर दर्ज एफआईआर में पुलिस ने गार्ड के बयान का भी उल्लेख किया है। दोनों गार्डों ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि फैजल खान ने उनसे कहा था कि देख क्या रहे हो, गोली चलाओ। एफआईआर में अवैध तरीके से दहशत फैलाने तथा आम लोगों में भय पैदा करने के मकसद से फायरिंग करने और करवाने का आरोप भी लगाया गया है।
https://www.indiatv.in/bihar/khan-sir-vs-roshan-anand-dispute-goons-tearing-banners-of-coaching-center-clean-cctv-footage-surfaced-2026-06-05-1223234