उत्तर प्रदेश में पुलिस एनकाउंटर को लेकर छिड़ी बहस के बीच सुभासपा अध्यक्ष और योगी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। अम्बेडकरनगर पहुंचे राजभर ने गाजीपुर के कमलेश चौधरी एनकाउंटर के मुद्दे पर सपा को घेरते हुए कहा कि इस पार्टी की सहानुभूति जाति और वोट बैंक को ध्यान में रखकर तय की जाती है।
गाजीपुर एनकाउंटर पर सपा को घेरा
मंत्री ने कहा कि जहां किसी अपराध में समाजवादी पार्टी के वोटर शामिल होते हैं, वहां सपा के नेता खामोश हो जाते हैं। दरअसल, राजभर समाजवादी पार्टी के उस आरोप का जवाब दे रहे थे, जिसमें कहा गया था कि गाजीपुर एनकाउंटर में मारा गया एक लाख का इनामी कमलेश चौधरी पीडीए समाज से था, इसी वजह से उसका एनकाउंटर किया गया। सपा का दावा था कि अगर आरोपी सवर्ण समाज से होता तो उसका एनकाउंटर नहीं होता।
दूसरे मामलों पर साधी चुप्पी का आरोप
राजभर ने पलटवार करते हुए कहा कि गाजियाबाद के सूर्या चौहान की मौत पर समाजवादी पार्टी ने चुप्पी साध ली, क्योंकि इस मामले के आरोपी उनके मतदाता थे। उन्होंने आगे कहा कि कौशांबी में पाल समाज की बेटी से दुष्कर्म और मऊ, बाराबंकी तथा देवरिया में राजभर समाज के लोगों की हत्या जैसे मामलों में जब समाजवादी पार्टी के लोग शामिल रहे, तब सपा ने कोई सवाल नहीं उठाया।
मंत्री ने दावा किया कि योगी सरकार बिना किसी भेदभाव के अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है और प्रदेश में कानून का राज स्थापित कर रही है।
पंचायत चुनाव में देरी पर भी हमला
पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर भी राजभर ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे लगातार चुनाव कराने की बात कह रहे थे, लेकिन समाजवादी पार्टी ने अपने ही लोगों से कोर्ट में मुकदमा करा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा हमेशा कामों में अड़ंगा डालने का काम करती है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि अब कोर्ट का जो आदेश आएगा, उसी के अनुसार चुनाव कराया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि ओमप्रकाश राजभर अम्बेडकरनगर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की शुरुआत करने पहुंचे थे।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ambedkar-nagar-uttar-pradesh-op-rajbhar-attacks-samajwadi-party-over-ghazipur-kamlesh-chaudhary-encounter-local18-10543012.html