क्या अमेरिका और ईरान के बीच थमेगी जंग, पाकिस्तान पहुंचा ईरानी प्रतिनिधिमंडल

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और हालिया सैन्य हमलों के बीच ईरान के गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी पाकिस्तान पहुंचे हैं, जहाँ वे शीर्ष नेतृत्व से बातचीत करेंगे।

पाकिस्तान में ईरान का उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल

अमेरिका के साथ जारी तनावपूर्ण स्थिति के बीच ईरान का एक महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुँचा है। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ईरान के गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी कर रहे हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने खुद इस्लामाबाद हवाई अड्डे पर मोमेनी का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपनी इस यात्रा के दौरान ईरानी गृह मंत्री पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ उच्च-स्तरीय बैठकें करेंगे, जिसे क्षेत्र के बदलते घटनाक्रम के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि

इस्लामाबाद पहुँचते ही अपनी औपचारिक यात्रा की शुरुआत करते हुए इस्कंदर मोमेनी ने 'यादगार-ए-शुहदा' पर जाकर पुष्पचक्र अर्पित किए और शहीदों को नमन किया। इस दौरान संघीय कांस्टेबुलरी के जवानों ने उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया। इसके पश्चात उन्होंने शकरपरियां पार्क का भी दौरा किया।

शांति बहाली और कूटनीति पर जोर

सरकारी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का मूल उद्देश्य अमेरिका और ईरान के बीच तेजी से बिगड़ते हालातों और डगमगाते युद्ध-विराम पर विस्तृत मंथन करना है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने हाल ही में दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए 14-सूत्रीय अंतरिम शांति समझौता ज्ञापन (MoU) तैयार करवाया था। हालाँकि, हाल के दिनों में दोनों देशों द्वारा एक-दूसरे के रणनीतिक और सैन्य ठिकानों पर फिर से हमले शुरू करने के बाद इस शांति पहल पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

पर्दे के पीछे तेज होती कोशिशें

पश्चिमी एशिया में उत्पन्न हुए ताजा तनाव ने मध्यस्थ देशों की चिंता बढ़ा दी है। पाकिस्तान और अन्य संबंधित देश अब पर्दे के पीछे से कूटनीति को तेज कर रहे हैं ताकि दोनों देशों को बातचीत की मेज पर वापस लाया जा सके और जारी संघर्ष को टाला जा सके।

सैन्य हमलों का सिलसिला जारी

ईरान और अमेरिका एक-दूसरे के खिलाफ लगातार सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं। US सेंट्रल कमांड ने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के नए सैन्य ठिकानों को अपना निशाना बनाया है। अमेरिका का लक्ष्य उन सैन्य क्षमताओं को नष्ट करना है, जिनका उपयोग कथित तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यावसायिक जहाजों पर हमले के लिए किया जाता है। हालिया हमलों में अमेरिकी विमानों ने तबरीज शहर स्थित IRGC के मिसाइल बेस और फील्ड पर भारी बमबारी की है। अमेरिकी दावों के मुताबिक, इन ऑपरेशंस में होर्मुज के निकट स्थित सिरीक और जास्क आईलैंड में मौजूद ईरान के वॉच टावर्स को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है।

https://www.indiatv.in/world/asia/iranian-delegation-visits-pakistan-meets-shehbaz-sharif-asim-munir-us-iran-peace-talks-2026-07-21-1232609