लखनऊ से बुक की गई कार सीतापुर में लूटी, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

लखनऊ से सवारी बनकर बैठी बदमाशों की एक जोड़ी ने सीतापुर में चालक को बंधक बनाकर कार लूट ली थी। कमलापुर पुलिस ने दोनों शातिर अपराधियों को दबोच लिया है।

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में कार लूटकांड का पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद की कमलापुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लखनऊ से लूटी गई कार के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले दो अंतर्जनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों अपराधी मूल रूप से अमेठी और गोंडा के निवासी हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन बदमाशों पर लखनऊ, अयोध्या और बाराबंकी समेत कई अन्य जिलों में 10-10 आपराधिक मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक ने की 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटी गई कार, एक अवैध तमंचा, चाकू और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। बदमाशों का तरीका बेहद शातिर था। वे पहले चालक से कार बुक कराते थे और रास्ते में उसे लूटकर गाड़ी छीन लेते थे। इतना ही नहीं, लूट के बाद ये बदमाश गाड़ी में अन्य सवारियों को बैठाकर उनसे भी लूटपाट करते थे और फिर वाहन को कहीं लावारिस छोड़कर फरार हो जाते थे। कमलापुर पुलिस की इस महत्वपूर्ण सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने टीम को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

1400 रुपये में बुक की गई थी कार

मामले की जानकारी देते हुए एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि 18 और 19 जुलाई की रात को इन बदमाशों ने लखनऊ के कामता बस स्टैंड से कमलापुर जाने के लिए एक वैगनआर कार को 1400 रुपये में बुक किया था। कमलापुर पहुँचने के बाद बदमाशों ने चालक को विक्रमपुर मार्ग पर ले जाकर चाकू के बल पर डराया धमकाया और उसके साथ मारपीट करके गाड़ी छीन ली। घटना के तुरंत बाद पीड़ित की शिकायत पर कमलापुर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पेट्रोलिंग के दौरान पकड़े गए शातिर बदमाश

कमलापुर पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही थी। एएसपी ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश के लिए गश्त कर रही थी, तभी उन्हें एक सफेद रंग की कार संदिग्ध हालत में दिखाई दी। रुकवाकर तलाशी लेने पर कार के अंदर से अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू और कार चालक के महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। पूछताछ में बदमाशों ने अपनी पहचान आशीष (अमेठी) और अजय प्रताप सिंह (गोंडा) के रूप में दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/car-was-booked-in-lucknow-and-robbed-in-sitapur-the-police-recovered-it-2026-07-21-1232547