जंतर-मंतर पर फिर से जुटे प्रदर्शनकारी
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों ने दोबारा अपना जमावड़ा शुरू कर दिया है। सोमवार को हुए भारी हंगामे और उपद्रव के बाद दिल्ली पुलिस ने जगह को खाली करवा दिया था, लेकिन देर रात होते-होते प्रदर्शनकारी वहां फिर से इकट्ठा होने लगे। इस बार पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां जुटने से नहीं रोका है। प्रशासन का रुख स्पष्ट है कि जो लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, उन्हें कोई समस्या नहीं होगी, लेकिन यदि किसी ने फिर से हिंसा या बवाल किया, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बातचीत के लिए जंतर-मंतर ही आना होगा, बोले दीपके
इस पूरे मामले के बीच, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भेंट की है। पार्टी के प्रवक्ता का कहना है कि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, रात के समय प्रदर्शनकारियों के बीच मौजूद अभिजीत दीपके ने रुख कड़ा करते हुए कहा है कि अब सरकार के साथ कोई और बातचीत नहीं होगी। उनका साफ कहना है कि जिसे भी संवाद करना है, उसे जंतर-मंतर पर आकर ही बात करनी होगी।
संसद की ओर रास्तों पर बढ़ी चौकसी
जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने एक बार फिर अपना मंच तैयार कर लिया है, जिसके जवाब में दिल्ली पुलिस ने भी सुरक्षा का दायरा बढ़ा दिया है। हालांकि जंतर-मंतर तक आने-जाने वाले रास्ते अभी खुले हैं, लेकिन संसद भवन की तरफ जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती सघन कर दी गई है। पुलिस को यह आशंका है कि प्रदर्शनकारी दोबारा संसद भवन की ओर कूच करने की कोशिश कर सकते हैं। इसके अलावा, ऐसी संभावना जताई जा रही है कि आज विपक्ष के कई बड़े नेता भी जंतर-मंतर पर पहुंचकर प्रदर्शन को अपना समर्थन दे सकते हैं। पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और हर संभावित स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।
हिंसा में 70 लोग हिरासत में, 118 से ज्यादा जवान घायल
सोमवार को हुए प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी, गाड़ियों में तोड़फोड़ और पुलिस पर हमले को लेकर दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिसकर्मियों पर हुए हमले और पथराव के संबंध में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि उपद्रवियों की पहचान की जा सके। इस मामले में अब तक 70 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सोमवार शाम को हुई हिंसा में 118 से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री जवान घायल हुए थे, जिनमें 10 IPS और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने अस्पताल जाकर घायल जवानों का हाल जाना।
सोनम वांगचुक का अनशन रहेगा जारी
दूसरी ओर, एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका अनशन फिलहाल जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वह तब तक भूख हड़ताल खत्म नहीं करेंगे, जब तक कि युवा नेताओं को संसद में जाकर सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिल जाती, या फिर उन्हें अस्पताल में ही सांसदों से मिलने का मौका नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय करनी होगी। वांगचुक ने प्रदर्शनकारी युवाओं के धैर्य की सराहना करते हुए सरकार और पुलिस से अपील की है कि वे छात्रों को संसद के सामने अपनी शिकायतें रखने की अनुमति दें। उन्हें भरोसा है कि छात्र आगे भी इसी तरह शांति बनाए रखेंगे।
https://www.indiatv.in/india/politics/delhi-cockroach-janta-party-cjp-resumed-protests-at-jantar-mantar-on-tuesday-police-increased-security-on-routes-leading-to-parliament-house-2026-07-21-1232410