खान सर कोचिंग सेंटर से चुपके से रवाना, 'अंडरग्राउंड' होने की अटकलें तेज, पुलिस सतर्क

पटना के मुसल्लहपुर हाट में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञानबिंदु कोचिंग के पोस्टर विवाद के बाद फैजल खान के कोचिंग सेंटर से गायब होने की चर्चा गरम है। हालांकि प्रशासन या पुलिस की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बिहार की राजधानी पटना से इस समय एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मुसल्लहपुर हाट के कोचिंग हब में खान सर और ज्ञानबिंदु कोचिंग के बीच पैदा हुए विवाद के बाद हालात लगातार करवट ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि विवाद, FIR और पुलिस की जांच के बीच यह पूरा प्रकरण अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है।

कोचिंग सेंटर से गायब होने की चर्चा

सूत्रों का दावा है कि फैजल खान अपने कोचिंग सेंटर से चुपचाप निकल गए हैं और फिलहाल उनकी मौजूदा लोकेशन के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। हालांकि अब तक किसी भी पुलिस अधिकारी या प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के मुताबिक इसी घटनाक्रम के बीच यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि खान सर अपने कोचिंग सेंटर को छोड़कर फिलहाल "अंडरग्राउंड" हो गए हैं। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर उनके ठिकाने को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक ऐसी किसी भी जानकारी पर मुहर नहीं लगाई है।

पुलिस की नजर, दबिश की संभावना

पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूरे मामले पर बारीकी से नजर रखी जा रही है और हर पहलू की जांच की जा रही है। इसी बीच यह भी सामने आ रहा है कि पुलिस संभावित रूप से खान सर के कुछ ठिकानों पर दबिश दे सकती है। हालांकि इस बारे में भी पुलिस की ओर से कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच की प्रक्रिया जारी है और किसी भी कार्रवाई से पहले साक्ष्यों का आकलन किया जा रहा है। दूसरी तरफ, मामले में अग्रिम जमानत को लेकर भी चर्चाओं का दौर थमा नहीं है। सूत्रों के अनुसार खान सर ने इस सिलसिले में अपने वकीलों से कानूनी राय-मशविरा किया है।

पोस्टर विवाद से शुरू हुआ बवाल

यह पूरा विवाद उस घटना से जुड़ा है, जिसमें खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञानबिंदु कोचिंग के बीच पोस्टर को लेकर तनाव खड़ा हुआ था। आरोप है कि पोस्टर फाड़े जाने के बाद विवाद बढ़ता चला गया और बात तोड़फोड़, हंगामे तथा FIR तक जा पहुंची।

पुलिस ने इस मामले में खान सर के दो गार्ड को गिरफ्तार किया है और CCTV फुटेज के आधार पर जांच को रफ्तार दी है। फिलहाल इलाके में तनाव बरकरार है और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है, जबकि सभी की निगाहें पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-patna-khan-sir-coaching-dispute-latest-update-faisal-khan-underground-news-local18-ws-l-10542887.html