तेंदुए ने मचाया कोहराम
राजस्थान के टोंक जिले के टोडारायसिंह कस्बे में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब एक करीब पांच वर्षीय पैंथर जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में आ धमका। इस घटना के दौरान पैंथर ने वन मित्र सहित तीन लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। अंत में यह जानवर एक शराब की दुकान के अंदर जाकर छिप गया। इस पूरे घटनाक्रम के चलते कस्बे में भारी दहशत का माहौल रहा और मौके पर हजारों की संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। वन विभाग, पुलिस और जयपुर से पहुंची वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम ने लगभग पांच घंटे के लंबे अभियान के बाद तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर सफलतापूर्वक पकड़ लिया।
गोदाम से शुरू हुआ सिलसिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब छह बजे पीपली चौराहे के पास एक गोदाम में तेंदुए को देखा गया। जैसे ही वहां लोगों की आवाजाही बढ़ी, तेंदुआ वहां से भागकर कोली मोहल्ले के एक खंडहर मकान में जाकर छिप गया। सूचना मिलने पर वन मित्र राकेश सैनी मौके पर पहुंचे, लेकिन तेंदुए ने घात लगाकर उन पर पीछे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद जानवर मकानों की छतों पर कूदते हुए आगे बढ़ा और सुबह करीब 8:40 बजे गणपति प्लाजा में स्थित जय श्री ओम बन्ना वाइंस की दुकान में घुस गया।
सेल्समैन और स्थानीय लोगों पर हमला
दुकान के अंदर घुसने के बाद तेंदुए ने वहां सफाई कर रहे सेल्समैन संजय गुर्जर पर भी हमला कर दिया। हालांकि, संजय ने साहस दिखाते हुए संघर्ष किया और खुद को बचाकर बाहर आने में सफल रहे। इससे पहले दुकान के बाहर बैठे फतेहलाल कोली पर भी तेंदुए ने झपट्टा मारकर उन्हें जख्मी कर दिया था। घायलों को इलाज के लिए तुरंत उप जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल संजय गुर्जर को टोंक के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, राकेश सैनी और फतेहलाल कोली को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन और सफलता
तेंदुआ दुकान के भीतर मौजूद अलमारी के पीछे छिपकर बैठ गया था। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत दुकान का शटर नीचे गिराकर उसे बंद कर दिया। इसके बाद दुकान के मालिक मनोज गुर्जर की उपस्थिति में दुकान के ताले काटे गए और वन विभाग ने बचाव कार्य शुरू किया। इस रेस्क्यू टीम में डीएफओ वीरेंद्र कृष्ण, रेंजर अनुराग महर्षि, वनपाल मोहनलाल सैनी, पुलिस उपाधीक्षक आशीष कुमार और थाना प्रभारी मुकेश कुमार समेत पुलिस बल शामिल था। जयपुर से आए वरिष्ठ वन्य जीव पशु चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार तंवर और उनकी टीम ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइज करके पिंजरे में कैद किया। इस दौरान पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद ही स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
https://www.indiatv.in/rajasthan/tonk-leopard-entered-densely-populated-area-attacked-three-people-hid-in-liquor-store-incident-captured-on-cctv-2026-07-20-1232388