न्यू उस्मानपुर में दिनदहाड़े डकैती से दहला इलाका
राजधानी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में रविवार को दिनदहाड़े डकैती की एक सनसनीखेज वारदात ने लोगों के होश उड़ा दिए। अज्ञात बदमाशों का एक गिरोह घर के भीतर घुस गया और परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया। इस दौरान लुटेरों ने करीब 9 लाख रुपये नकद और घर में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात पर अपना हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल है।
दोपहर के वक्त वारदात को दिया अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, उन्हें न्यू उस्मानपुर थाने में दोपहर 3:22 बजे डकैती की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां शिकायतकर्ता हरीश चंदर से पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली। पीड़ित परिवार गली नंबर-2, न्यू उस्मानपुर का निवासी है।
सात से आठ बदमाशों ने बोला धावा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 1:18 बजे दोपहर को एक अनजान व्यक्ति किसी काम के बहाने घर पर आया था। इसके कुछ ही पलों बाद उसके साथ 7 से 8 अज्ञात बदमाश जबरन घर के भीतर दाखिल हो गए। आरोप है कि इन बदमाशों ने घर में मौजूद सभी लोगों को अपने नियंत्रण में ले लिया और बंधक बनाकर नकदी व गहने लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और लुटेरों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों के भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जहांगीरपुरी में पिता द्वारा बेटी से दुष्कर्म
एक अन्य घटना में उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक खबर सामने आई है। यहाँ एक पिता पर अपनी ही 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के साथ ही यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण यानी POCSO अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
जान से मारने की मिली धमकी
महेंद्र पार्क थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि यह घिनौनी घटना 7 जुलाई को हुई थी। उस दिन पीड़िता की मां और 10 वर्षीय भाई घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि इसी दौरान पिता ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि यदि उसने इस बारे में किसी को कुछ बताया, तो वह उसकी और उसकी मां की जान ले लेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
https://www.indiatv.in/delhi/robbery-in-new-usmanpur-miscreants-barged-into-house-and-looted-9-lakh-in-cash-and-jewelry-2026-07-19-1232178