पटना में हेली-टूरिज्म का आगाज
बिहार की राजधानी पटना के लोगों का अपने शहर को आसमान की ऊंचाइयों से देखने का सपना अब हकीकत में बदल गया है। शनिवार को पटना जॉय राइड सेवा की आधिकारिक रूप से शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ के तहत इस अनूठी पहल को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं पर्यटकों को टिकट सौंपे और हेलीकॉप्टर के पायलट को बैच लगाकर रवाना किया।
1200 फीट की ऊंचाई से दिखा शहर का विहंगम दृश्य
दोपहर के 3:40 बजे इस सेवा की पहली उड़ान ने आसमान में उड़ान भरी। पहली यात्रा में कुल पांच पर्यटकों ने सवार होकर शहर के खूबसूरत नजारों का दीदार किया। यह हेलीकॉप्टर करीब 1200 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भरता है। 10 मिनट की इस संक्षिप्त लेकिन यादगार यात्रा के दौरान सैलानियों को गंगा नदी, जेपी गंगा पथ जिसे मरीन ड्राइव के नाम से जाना जाता है, ऐतिहासिक गोलघर, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब और पटना के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के अद्भुत दृश्य देखने को मिले। पर्यटकों ने इसे अपने जीवन का एक बेहद यादगार अनुभव करार दिया है।
टिकट दर और उड़ान की जानकारी
इस हेलीकॉप्टर सेवा का आनंद लेने के लिए प्रति व्यक्ति 2100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। हर उड़ान की अवधि 10 मिनट तय की गई है और तकनीकी प्रक्रिया के चलते प्रत्येक 30 मिनट के अंतराल पर अगली उड़ान संचालित की जाएगी। पहले दिन की बात करें तो कुल चार राइड्स का कार्यक्रम निर्धारित था। लोगों में इस सेवा को लेकर इतना उत्साह था कि लगभग 80 लोगों ने पहले ही अपनी सीट आरक्षित करा ली थी, जबकि सेवा के पहले दिन 20 लोगों ने आसमान से पटना की सुंदरता का आनंद लिया।
पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि आम लोगों को मात्र 2100 रुपये में शहर को आसमान से देखने का मौका मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही पर्यटकों के लिए 4000 रुपये के शुल्क पर राजगीर की हेलीकॉप्टर राइड भी शुरू करने की योजना है। फिलहाल, पटना में यह हवाई सेवा केवल सप्ताहांत यानी वीकेंड पर ही संचालित की जाएगी। हालांकि, विभाग को उम्मीद है कि आने वाले समय में राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जैसी जगहों के लिए भी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जहां अभी शुरुआती दौर में बुकिंग कम देखी जा रही है। बिहार सरकार का मानना है कि एयर टूरिज्म के माध्यम से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को एक नई दिशा मिलेगी और लोगों को अपने राज्य को एक बिल्कुल अलग नजरिए से देखने का अवसर मिलेगा।
https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-helicopter-ride-service-launched-for-patna-darshan-local18-10670436.html