एटीएम इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ी चेतावनी
अगर आप एटीएम मशीन का उपयोग करते हैं, तो अब आपको और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। मुंबई के भांडुप इलाके से चोरी का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। भांडुप पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह को पकड़ा है, जो एटीएम से पैसे निकालने वाले लोगों के साथ धोखाधड़ी करता था। ये बदमाश बड़ी चालाकी से मशीन के कैश स्लॉट पर प्लास्टिक या फाइबर की एक पट्टी लगा देते थे, जिससे ग्राहकों के पैसे बाहर नहीं निकल पाते थे और वे बड़ी आसानी से उन पर हाथ साफ कर देते थे। फिलहाल पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जबकि मामले में शामिल दो महिलाओं की भी पहचान की गई है और उनसे पूछताछ जारी है।
कैसे हुआ अपराध का खुलासा
इस पूरे मामले की जानकारी तब हुई, जब भांडुप स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा प्रबंधक रीचा अरुण श्रीवास्तव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, भांडुप के सचदेव कॉम्प्लेक्स वाले एटीएम में कुछ अनजान लोगों ने मशीन के कैश स्लॉट के साथ छेड़छाड़ की थी। बैंक अधिकारियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू की गई।
ठगी का तरीका जानकर रह जाएंगे हैरान
आरोपी अपनी वारदात को अंजाम देने के लिए बेहद सादा मगर प्रभावी तरीका अपनाते थे। वे सबसे पहले एटीएम मशीन के कैश स्लॉट पर एक महीन प्लास्टिक की पट्टी चिपका देते थे। जब भी कोई अनभिज्ञ ग्राहक पैसे निकालने आता, तो उसके बैंक खाते से रकम तो कट जाती थी, लेकिन वह पट्टी कैश को बाहर नहीं आने देती थी। ग्राहक को यह एहसास होता कि मशीन में कोई तकनीकी खराबी आ गई है और वह एटीएम से बाहर चला जाता था। जैसे ही ग्राहक वहां से हटता, ये अपराधी तुरंत एटीएम के अंदर घुसकर पट्टी को हटा देते और फंसा हुआ कैश निकालकर रफूचक्कर हो जाते थे। इस तरह की कुल 5 शिकायतें बैंक को लगातार मिल रही थीं।
सीसीटीवी ने खोली पोल
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एटीएम केंद्र के पिछले 2 दिनों के सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला। वीडियो में पूरी करतूत साफ नजर आई, जिसमें अपराधी मशीन में पट्टी लगाते हुए और फिर मौका मिलते ही पैसे निकालते हुए देखे गए। सीसीटीवी की मदद से ही दो पुरुषों और दो महिलाओं की संलिप्तता स्पष्ट हुई।
मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे
भांडुप पुलिस ने एक जाल बिछाकर गिरोह के मुख्य आरोपी मोहम्मद जियाद उर्फ अयान इरशाद अहमद (उम्र 21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह की दो अन्य महिला सदस्यों को भी पुलिस ने नोटिस भेजकर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से 80,000 रुपये की एक मोटरसाइकिल, घटना में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की पट्टियां, एक ओप्पो मोबाइल फोन और 39,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद की गई कुल संपत्ति की कीमत 1.29 लाख रुपये है और इस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
https://www.indiatv.in/maharashtra/mumbai-bhandup-police-busted-atm-fraud-gang-using-plastic-sheets-to-trap-cash-main-accused-arrested-2026-07-19-1232038