मेरठ में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, सांप से कटवाकर की पति की हत्या

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक पत्नी ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए बेहद खतरनाक तरीका अपनाया। महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर एक जहरीले सांप के जरिए पति की जान ले ली, ताकि वह बीमा की बड़ी राशि हासिल कर सके।

सांप के डंसने से मौत का निकला सच

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक ऐसी हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। 17 जुलाई को हस्तिनापुर पुलिस को सूचना मिली थी कि अतुल पंवार नाम के एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पत्नी दामिनी ने दावा किया था कि अतुल को सांप ने काट लिया है। परिवार के लोग आनन-फानन में अतुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर भंडोरा गांव पहुंचे, लेकिन मौत के तरीके को लेकर संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी के जरिए परत-दर-परत सच्चाई बाहर आ गई। जांच में पता चला कि दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। फोन की फॉरेंसिक जांच में एक डिब्बे में बंद सांप की फोटो मिली, जिसने पुलिस को हत्या की दिशा में ठोस सबूत दिए। पूछताछ के दौरान दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने एक सपेरे से सांप खरीदा था और पूरे घटनाक्रम की साजिश रची थी।

स्कूल संचालक की हत्या के पीछे का मोटिव

मृतक अतुल पंवार की उम्र 35 वर्ष थी। वह अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे और वहीं परिसर में रहते भी थे। उल्लेखनीय है कि इन दोनों ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था। पुलिस जब मामले की गहराई में गई, तो उन्हें कई ऐसे तथ्य मिले जो इस पूरी कहानी को बदल देते हैं। दरअसल, स्कूल चलाने से पहले अतुल विद्या प्रकाशन में नौकरी करते थे, उस दौरान उन्होंने 20 लाख रुपये का बीमा कराया था। दामिनी और उसके प्रेमी तुषार की नजर इसी मोटी बीमा राशि पर थी। तुषार ने दामिनी को वादा किया था कि बीमा के पैसे मिलने के बाद वह अपनी वर्तमान पत्नी से तलाक ले लेगा। पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि हत्या की कोशिश पहले भी हुई थी। इससे पहले अतुल को एक बिना नंबर की कार से कुचलकर मारने का प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय दामिनी ने अतुल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से यह कहकर रोक दिया था कि ऐसी घटना की रिपोर्ट का कोई लाभ नहीं होगा।

चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पूछताछ के दौरान आरोपी तुषार ने खुलासा किया कि उसने और दामिनी ने मिलकर हत्या की पूरी पटकथा लिखी थी। वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने अतुल को एक रात पहले दूध में भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिला कर पिला दी थीं। इसके बाद सोनू और उदय नाम के व्यक्तियों की मदद से एक जहरीला सांप मंगवाया गया और उसे सोते हुए अतुल के कंबल में छोड़ दिया गया। सांप के काटने से ही अतुल की तड़प-तड़प कर मौत हुई थी। इस पूरे षड्यंत्र में सोनू और उदय को सहयोग करने के बदले में 5 लाख रुपये दिए जाने का सौदा तय किया गया था। मेरठ एसएसपी अविनाश पांडे के निर्देशन में स्वाट टीम देहात और हस्तिनापुर पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/up-meerut-wife-has-husband-bitten-by-a-snake-to-eliminate-him-conspires-with-lover-a-driver-to-kill-him-2026-07-18-1231895