शहर के कमिश्नर वाले डायलॉग पर रील बनाना पड़ा महंगा, नागपुर पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगते दिखे युवक

नागपुर में फिल्मी डायलॉग पर रील बनाकर पुलिस को चुनौती देने वाले तीन युवकों पर गाज गिरी है। पुलिस ने न केवल मामला दर्ज किया, बल्कि आरोपियों को सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगनी पड़ी।

सोशल मीडिया पर रीलबाजी करना पड़ा महंगा

महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां रील बनाने के चक्कर में तीन युवकों को बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ा है। इन लोगों ने एक फिल्मी डायलॉग को आधार बनाकर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया था, जिसमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए खुद को कमिश्नर बताया गया था। डायलॉग था, 'पुलिस चौकी के हिसाब से शहर बांट रहे हो सुल्तान, चौकी चाहे पुलिस की हो, शहर के कमिश्नर के हम ही लोग हैं।' यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया और सीधे तौर पर नागपुर पुलिस के लिए चुनौती बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को पकड़ लिया है।

इंस्टाग्राम पर वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें

यह घटना नागपुर के तहसील थाना इलाके की है। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते हुए एक बेहद आपत्तिजनक रील तैयार की थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के भड़काऊ कंटेंट से समाज में अशांति फैलने और कानून-व्यवस्था के बिगड़ने का डर था। डिजिटल माध्यम पर पुलिस का अपमान करने और समाज में गलत संदेश देने के चलते इन तीनों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस की हिरासत में आरोपी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहिद अफजल शकील खान, मोहम्मद साहिल मोहम्मद शकील शेख और रिजवान मोहम्मद अजीज के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनसे इस रील के पीछे के उद्देश्य को जानने का प्रयास किया। इन आरोपियों ने इंस्टाग्राम आईडी के जरिए अपनी सनक को प्रदर्शित करने के लिए इस भड़काऊ वीडियो को वायरल किया था, जिसमें वे पुलिस के अधिकार क्षेत्र को चुनौती दे रहे थे।

थाने में मांगी माफी

तहसील पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया है। कानून के शिकंजे में आने के बाद तीनों युवकों के तेवर ढीले पड़ गए। थाने के सामने ही इन लोगों ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसी कोई भी हरकत न करने का आश्वासन दिया। इस दौरान तीनों आरोपी कान पकड़कर पुलिस के सामने माफी मांगते हुए नजर आए। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर इस तरह के भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो बनाने से बचें।

https://www.indiatv.in/maharashtra/reel-makers-apologized-in-front-of-police-for-making-reel-on-filmy-dialogue-2026-07-17-1231715