2020 चुनाव में चीन के दखल को छिपाने वालों पर बरसे डोनाल्ड ट्रंप, जांच का किया ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि खुफिया एजेंसियों ने 2020 के चुनाव में चीन की दखलअंदाजी से जुड़ी जानकारियों को जानबूझकर दबाया था। ट्रंप ने अब इस पूरे मामले की जांच के कड़े निर्देश दिए हैं।

खुफिया अधिकारियों पर गंभीर आरोप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है, जिससे देश की राजनीति में हलचल मच गई है। ट्रंप का आरोप है कि उन्हें चुनाव में हराया नहीं गया, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत हरवाया गया था। उन्होंने दावा किया है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों में मौजूद डीप स्टेट के कुछ सदस्यों ने चीन द्वारा चुनाव में की गई कथित दखलअंदाजी से जुड़ी जानकारियों को छिपाया था। ट्रंप ने अब इस संदिग्ध लीपापोती की गहन जांच के आदेश दे दिए हैं।

जानकारी छिपाने का खुलासा

हाल ही में सामने आए कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों का हवाला देते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि खुफिया एजेंसी के अधिकारी सच्चाई जानते थे, लेकिन उन्होंने इसे जनता और राष्ट्रपति तक नहीं पहुंचने दिया। ट्रंप ने स्पष्ट कहा कि इन अधिकारियों ने चीन के चुनावी हस्तक्षेप से जुड़े सबूतों को जानबूझकर दबाया और कम करके पेश किया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के साथ एक बड़ा धोखा करार दिया है।

दस्तावेजों से पता चलता है कि हमारी खुफिया एजेंसियों में डीप स्टेट के मेंबर्स ने चीन के चुनावी दखल के दायरे के बारे में जानकारी को सक्रिय रूप से दबाया और उसे कम करके दिखाया। उन्होंने इस बात को अमेरिकी राष्ट्रपति और अमेरिकी जनता, दोनों से ही छिपाया: डोनाल्ड ट्रंप

18 राज्यों के वोटर्स डेटा से छेड़छाड़ का दावा

डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया कि 2020 में खुफिया एजेंसियों को इस बात की पूरी जानकारी थी कि चीन ने अमेरिका के 18 राज्यों में करोड़ों वोटर्स का डेटा चुराया, खरीदा या हैक किया था। इसके बावजूद, उन्होंने यह गोपनीय जानकारी न तो राष्ट्रपति को दी और न ही कांग्रेस को इस बारे में सूचित किया। इसके विपरीत, इन एजेंसियों की तरफ से लगातार यह दावा किया जाता रहा कि 2020 का राष्ट्रपति चुनाव अमेरिकी इतिहास का सबसे सुरक्षित चुनाव था। अब ट्रंप के जांच के ऐलान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि चुनाव की पारदर्शिता और खुफिया तंत्र की भूमिका पर बड़े सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

https://www.indiatv.in/world/us/donald-trump-alleges-china-2020-election-interference-deep-state-cover-up-investigation-2026-07-17-1231682