नोएडा में आज सुबह-सुबह आग लगने की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। एक ओर सेक्टर-75 स्थित एक सोसाइटी के फ्लैट में आग भड़क उठी, तो दूसरी ओर सेक्टर-52 के शताब्दी विहार में चल रहे एक पीजी में आग लग गई। दोनों ही जगहों पर फायर विभाग की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया और सभी लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
सेक्टर-75 की सोसाइटी में पहली घटना
सबसे पहले फायर विभाग को सेक्टर-75 की IVY सोसाइटी में आग लगने की सूचना मिली। आज सुबह करीब 8:30 बजे मिली इस जानकारी के बाद दमकल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। करीब एक दर्जन फायर विभाग की गाड़ियों और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और सभी को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सेक्टर-52 के पीजी में दूसरी घटना
इसी दौरान फायर विभाग को सेक्टर-52 में आग लगने की दूसरी सूचना मिली। यहां एक बिल्डिंग में पीजी संचालित हो रहा था, जिसके निचले फ्लोर पर कमर्शियल हिस्सा था, जबकि ऊपर के हिस्से में पीजी चल रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से आग लगी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया।
पांच मंजिला इमारत में फंसे थे लोग
यह पूरी बिल्डिंग पांच मंजिला है और हर फ्लोर पर करीब 8-10 कमरे बने हुए हैं, जिनमें दर्जनों युवक और युवतियां रहते हैं। आग लगने के समय अधिकांश लोग सो रहे थे। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के अंदर करीब 15 लोग फंसे हुए थे। फायर कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और आग पर भी जल्द ही पूरी तरह काबू पा लिया गया।
अधिकारी ने बताया बेहतर रिस्पांस टाइम
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दोनों घटनाओं में फायर विभाग का रिस्पांस टाइम काफी बेहतर रहा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-75 में आग बुझाने के दौरान ही सेक्टर-52 की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत टीमें रवाना की गईं। दोनों स्थानों पर आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और किसी के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
पीजी में नहीं थे फायर सुरक्षा के इंतजाम
पीजी में रहने वाले युवक-युवतियों ईशा चक्रवर्ती, विशाल, रिद्धिमा और सर्वेश कुमार का कहना है कि यहां फायर इक्विपमेंट और अलार्म जैसी कोई सुविधा दिखाई नहीं दी। उनके मुताबिक, आग के समय न तो कोई अलार्म बजा और न ही कोई फायर फाइटिंग व्यवस्था काम आई। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई और उनका रिस्पांस टाइम बहुत अच्छा रहा, जिसकी वजह से सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।
सामने आई फायर नॉर्म्स की बड़ी खामी
इस बिल्डिंग में फायर नॉर्म्स पूरे न होने की बड़ी खामी भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग में न तो कोई फायर इक्विपमेंट, अलार्म, एग्जिट और वेंटिलेशन की सुविधा थी। पीछे की ओर न तो कोई एग्जिट था और न ही वेंटिलेशन की व्यवस्था। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/noida-sector-75-society-fire-accident-norms-not-met-ibuilding-exit-and-ventilation-alarm-not-present-local18-10542158.html