गाजियाबाद को मिली नई पहचान
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आवासीय हब के रूप में प्रसिद्ध गाजियाबाद अब अपनी एक नई सांस्कृतिक पहचान गढ़ने की ओर अग्रसर है। इस दिशा में गाजियाबाद नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है, जहां शहर के मुख्य एंट्री पॉइंट पर 'श्री राम सेतु द्वार' का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। हाल ही में अत्याधुनिक मशीनों और क्रेन की मदद से इस द्वार के शीर्ष पर एक विशाल सुनहरे रंग का धनुष-बाण स्थापित किया गया है। यह दिव्य प्रतीक दूर से ही आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है और शहर की भव्यता को बढ़ा रहा है।
हिंडन एलिवेटिड रोड अब राम सेतु मार्ग
नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने इस बदलाव के बारे में जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि हिंडन एलिवेटिड रोड को अब आधिकारिक तौर पर 'राम सेतु मार्ग' के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब सवा साल पहले नगर निगम बोर्ड की बैठक में इसे लेकर प्रस्ताव पारित किया गया था। विक्रमादित्य मलिक के अनुसार, हमारी प्राचीन संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को ध्यान में रखते हुए ही इस द्वार का डिजाइन तैयार किया गया है। लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट का काम अगले दो हफ्तों में पूरी तरह संपन्न हो जाएगा।
कलात्मक वास्तुकला और नक्काशी
इस निर्माणाधीन प्रवेश द्वार को पारंपरिक भारतीय वास्तुकला का स्वरूप दिया गया है। इसके दोनों खंभों पर की गई बारीक नक्काशी लोगों का मन मोह रही है। द्वार के अग्र भाग पर स्पष्ट शब्दों में श्री राम सेतु और गाजियाबाद नगर निगम अंकित किया गया है। सबसे ऊपरी हिस्से पर स्थित स्वर्णमयी धनुष-बाण इस पूरे निर्माण को एक अलौकिक और प्रभावशाली रूप देता है, जो गाजियाबाद में प्रवेश करने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए एक यादगार दृश्य बन गया है।
युद्धस्तर पर फिनिशिंग का काम
परियोजना स्थल पर इंजीनियर और कुशल कारीगर दिन-रात मेहनत कर इस काम को तय समय सीमा में पूरा करने में लगे हैं। सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन करते हुए हाइड्रोलिक क्रेन और मजबूत मचानों के जरिए ऊंचाई पर फिनिशिंग का कार्य किया जा रहा है। मार्ग से गुजरने वाले लोग अक्सर रुककर इस अद्भुत कलाकारी को निहारते हैं और अपने मोबाइल फोन में इसकी तस्वीरें कैद करते दिखाई देते हैं। सोशल मीडिया पर भी यह निर्माण चर्चा का विषय बना हुआ है। स्ट्रक्चर का ढांचा तैयार हो चुका है, अब बस लाइटिंग और अंतिम फिनिशिंग का काम बाकी है।
अन्य विकास कार्य
गाजियाबाद नगर निगम अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर सक्रिय है। इसी क्रम में हाल ही में राजनगर एक्सटेंशन एलिवेटेड रोड पर नई स्लिप रोड और रैंप निर्माण का फैसला भी लिया गया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए आवश्यक टेंडर प्रक्रिया को पहले ही पूरा किया जा चुका है, जिससे आने वाले समय में यातायात और सुगम हो जाएगा।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/ghaziabad-hindon-elevated-road-to-be-named-ram-setu-marg-and-shri-ram-setu-dwar-constructed-at-entry-point-2026-07-16-1231628