गर्लफ्रेंड को आईफोन गिफ्ट करने की चाह में बने 'टोटी चोर', उड़ाए 6.5 लाख के लग्जरी नल

नागपुर में दो नाबालिग किशोरों ने अपनी गर्लफ्रेंड को आईफोन गिफ्ट करने के लिए एक गोदाम से करीब 6.5 लाख रुपये के डिजाइनर नल और सैनिटरी सामान चुरा लिए, जिसे उन्होंने महज 20 हजार रुपये में कबाड़ी को बेच दिया। पुलिस ने सिर्फ 12 घंटे में मामला सुलझा लिया।

नागपुर में प्यार जताने की एक अनोखी कोशिश ने पूरे इलाके को चौंका दिया है। यहां दो किशोरों ने अपनी-अपनी गर्लफ्रेंड को खुश करने के लिए ऐसा कारनामा कर डाला, जिसकी चर्चा अब हर ओर हो रही है। दोनों अपनी प्रेमिकाओं को आईफोन गिफ्ट करना चाहते थे, लेकिन उनके पास इतने पैसे नहीं थे। इसी जरूरत को पूरा करने के लिए उन्होंने मिलकर एक गोदाम में चोरी की और वहां से करीब 6.5 लाख रुपये के लग्जरी डिजाइनर नल तथा सैनिटरी सामान उड़ा लिए।

कैसे हुई वारदात

‘राहुल सेरामिक्स प्राइवेट लिमिटेड’ के मालिक राहुल जयचंद बत्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 27 और 28 मई की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम की छत की टिन शीट हटाकर अंदर प्रवेश किया और महंगे सैनिटरी प्रोडक्ट चुरा ले गए, जिनमें शानदार डिजाइन वाली टोटियां भी शामिल थीं।

चोरी का सामान

चोरी किए गए सामान का ब्योरा भी हैरान करने वाला है। इसमें शामिल थे:

  • गोल्ड डिजाइन वाले पांच लग्जरी नल
  • तीन गोल्डन रंग के स्टैंडर्ड नल
  • नौ रोज गोल्ड रंग के नल
  • चार सिल्वर रंग के नल

इन सभी की कुल कीमत करीब 6.5 लाख रुपये आंकी गई।

12 घंटे में सुलझा केस

मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे 35 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की, साथ ही स्थानीय मुखबिरों की मदद भी ली। तकनीकी जांच और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पूछताछ के दौरान दो नाबालिग लड़कों और एक अन्य आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, दोनों किशोर अपनी गर्लफ्रेंड को आईफोन गिफ्ट करना चाहते थे और पैसों की कमी के चलते उन्होंने चोरी का रास्ता चुना। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चुराए गए इन महंगे डिजाइनर नलों को एक स्थानीय कबाड़ी के हाथ सिर्फ 20 हजार रुपये में बेच दिया था।

एक और गिरफ्तारी, सामान बरामद

पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में 38 वर्षीय इरफान अली उर्फ इम्मू रमजान अली को भी गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया है। कलमना पुलिस थाने के सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार रामलोड ने बताया कि पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर इस मामले का खुलासा कर दिया। उन्होंने कहा कि करीब 6.5 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

https://hindi.news18.com/news/crime/nagpur-stole-water-taps-worth-6-5-lakh-in-to-gift-iphone-to-girlfriend-know-here-10542146.html