पूर्णिया में मकान मालिक ने तुड़वाया कमरे का फर्श, मिट्टी के नीचे से निकला जहरीले सांपों का जखीरा

बिहार के पूर्णिया जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के फर्श को खोदने पर 36 जहरीले सांप बरामद हुए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

फर्श के नीचे छिपा था सांपों का पूरा कुनबा

बिहार के पूर्णिया जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे गांव को सकते में डाल दिया है। जिले के बैसा प्रखंड के अंतर्गत आने वाली खपड़ा पंचायत के कानिमालदह भटवार गांव में एक मकान मालिक ने जब अपने कमरे का फर्श तुड़वाया, तो उसके नीचे से एक या दो नहीं बल्कि 36 जहरीले सांप निकले। मकान मालिक पांडव बसोक लंबे समय से अपने घर के भीतर सांप होने की आशंका से जूझ रहे थे, जिसके कारण उनका पूरा परिवार अत्यधिक डर और तनाव में जी रहा था।

खुदाई के बाद खुला राज

पांडव बसोक ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से घर के कुछ कमरों के भीतर अजीब सी आहट और सांप होने का शक था। बढ़ते डर के चलते उन्होंने एक सपेरे को बुलाया और कमरे के कोने में फर्श की खुदाई शुरू करवाई। जैसे ही पक्की फर्श को तोड़ा गया, मिट्टी के नीचे बनी एक विशाल मांद से सांपों का पूरा परिवार बाहर निकलने लगा। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए। सपेरे ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वहां से सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। पकड़े गए सांपों में अधिकांश जहरीले नाग और गेहुंअन सांप शामिल थे। खुदाई के दौरान बड़े सांपों के अलावा कई छोटे सपोले भी मिले, जिन्हें अलग-अलग थैलों और डिब्बों में बंद किया गया।

प्रशासन की सतर्कता

इतनी बड़ी संख्या में जहरीले सांपों के एक साथ मिलने से स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने भी तुरंत संज्ञान लिया और पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दे रहा है। गौरतलब है कि जिस मकान से ये सांप बरामद हुए हैं, वहां पांडव बसोक का पूरा परिवार रहता है, जो इस घटना के बाद से काफी डरा हुआ है।

उत्तर प्रदेश में भी हुई थी ऐसी ही घटना

सांपों के इस तरह के जखीरे मिलने का यह कोई अकेला मामला नहीं है। मात्र दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव से भी इसी तरह की खबर सामने आई थी। वहां के निवासी दिनेश विश्वकर्मा के घर में रखे ड्रम और दीवारों के पीछे से 25 से अधिक कोबरा सांपों के बच्चे मिले थे। सबसे पहले घर के बच्चों ने कोबरा के बच्चों को रेंगते हुए देखा था, जिसके बाद शोर मचाने पर गांव के लोग एकत्र हुए। सूचना मिलने पर जगतुपुर गांव से सपेरा राजित राम कनौजिया को बुलाया गया, जिन्होंने घंटों की मेहनत के बाद कुल 25 सांपों को रेस्क्यू किया था। इन दोनों घटनाओं ने ग्रामीणों के बीच चिंता बढ़ा दी है, जिससे लोग अब अपने घरों की नियमित जांच करने को मजबूर हो गए हैं।

https://hindi.news18.com/news/bihar/purnia-36-poisonous-snakes-found-during-excavation-of-pucca-house-in-kanimaldah-village-baisa-purnia-omg-news-10658031.html