नितिन गडकरी की एथेनॉल नीति पर भ्रम फैलाने का मामला, बिहार के मनीष कश्यप सहित 4 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर नागपुर में केस दर्ज

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की एथेनॉल नीति को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में नागपुर साइबर पुलिस ने मनीष कश्यप समेत चार इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

गाड़ियों में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर लगातार बहस छिड़ी हुई है। कुछ लोगों द्वारा दावा किया जा रहा है कि इस ईंधन से वाहनों के इंजन खराब हो रहे हैं, जिसे सरकार और विशेषज्ञ पहले ही पूरी तरह खारिज कर चुके हैं। अब इस विवाद ने कानूनी मोड़ ले लिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के एथेनॉल संबंधी बयानों और नीतियों को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महाराष्ट्र की नागपुर साइबर पुलिस ने इस मामले में बिहार के चर्चित यूट्यूबर सहित 4 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

भाजपा सोशल मीडिया सेल की शिकायत पर पुलिस का एक्शन

यह कानूनी कार्रवाई नागपुर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सोशल मीडिया सेल द्वारा दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन इन्फ्लुएंसर्स ने विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर वीडियो साझा कर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयानों और सरकार की एथेनॉल नीति को गलत संदर्भ में पेश किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नीति का गलत अर्थ निकाला और आम लोगों के इंटरव्यू दिखाकर मंत्री की छवि को धूमिल करने की कोशिश की। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस भ्रामक प्रचार के जरिए समाज में जानबूझकर असमंजस और अशांति का माहौल पैदा करने का प्रयास किया गया।

इन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

नागपुर साइबर पुलिस ने जांच के बाद जिन चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, उनमें निम्नलिखित नाम शामिल हैं:

  • बिहार के प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनीष कश्यप
  • देसी ब्राइट नामक अकाउंट
  • हर्षिता राठी
  • अंकलेश इन्वाते

पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर कानून की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। भारत सरकार देश में पेट्रोल के साथ एथेनॉल के मिश्रण को बढ़ावा दे रही है, लेकिन इंटरनेट पर इसे लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर अब पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है।

https://www.indiatv.in/india/national/nagpur-case-against-4-influencers-including-manish-kashyap-for-allegedly-spreading-misinformation-regarding-gadkaris-statements-and-policy-on-ethanol-2026-07-14-1231065