बॉलीवुड में कामयाबी और नाकामी का पहिया इतनी तेजी से घूमता है कि कब कौन सितारा बुलंदी से जमीन पर आ जाए, कहना मुश्किल होता है। हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली और वर्सटाइल कलाकारों में गिने जाने वाले आयुष्मान खुराना के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। एक दौर वह था जब उनकी बैक-टू-बैक फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही थीं और निर्माता आंख मूंदकर उन पर पैसा लगा रहे थे, लेकिन साल 2022 उनके करियर का सबसे मुश्किल साल साबित हुआ, जब उनकी लगातार तीन बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में औंधे मुंह गिर गईं।
'अनेक' से हुई साल की शुरुआत
मई 2022 में अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी फिल्म 'अनेक' एक पॉलिटिकल एक्शन-थ्रिलर थी। इसमें आयुष्मान खुराना ने अमन नाम के एक अंडरकवर कॉप का किरदार निभाया, जिसे नॉर्थ-ईस्ट में शांति बहाल करने के मिशन पर भेजा जाता है। फिल्म में एंड्रिया केविचुसा, जेडी चक्रवर्ती और कुमुद मिश्रा जैसे मंझे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में थे।
फिल्म का विषय बेहद गंभीर और संवेदनशील था। पूर्वोत्तर भारत के राजनीतिक मुद्दों और वहां के लोगों के संघर्ष को पर्दे पर उतारने की कोशिश तो अच्छी थी, मगर इसकी कहानी आम दर्शकों के लिए काफी उलझी हुई और धीमी रही। करीब 45 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म भारत में बॉक्स ऑफिस पर 10 करोड़ का आंकड़ा तक नहीं छू सकी और बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई।
अक्टूबर में आई 'डॉक्टर जी'
इसके बाद अक्टूबर में आयुष्मान खुराना की 'डॉक्टर जी' रिलीज हुई, जो एक मेडिकल कैंपस कॉमेडी-ड्रामा थी। अनुभूति कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान के साथ रकुल प्रीत सिंह और शेफाली शाह मुख्य किरदारों में नजर आईं। आयुष्मान ने इसमें डॉ. उदय गुप्ता का किरदार निभाया, जो ऑर्थोपेडिक सर्जन बनना चाहता है, लेकिन किस्मत उसे गायनोकोलॉजी में सीट दिला देती है।
एक पुरुष का महिलाओं का डॉक्टर बनने का संघर्ष और उससे उपजी कॉमेडी इस फिल्म का मुख्य हिस्सा थी। आयुष्मान एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में लौटे, जहां वे टैबू विषयों पर फिल्में करते हैं। फिल्म को समीक्षकों से अच्छे रिव्यू मिले, मगर थिएटर में दर्शक नहीं जुटे। इसका बोल्ड और एडल्ट ह्यूमर से भरा विषय फैमिली ऑडियंस को रास नहीं आया और उन्होंने इससे दूरी बना ली, जो निर्माताओं के लिए घाटे का सौदा रहा। महज 40 करोड़ की कमाई के साथ इस फिल्म का वर्डिक्ट भी फ्लॉप रहा।
दिसंबर में 'एन एक्शन हीरो' भी नाकाम
उस साल आयुष्मान की तीसरी और आखिरी रिलीज दिसंबर में आई फिल्म 'एन एक्शन हीरो' थी। अनिरुद्ध अय्यर के निर्देशन में बनी इस डार्क-कॉमेडी और सस्पेंस-थ्रिलर में आयुष्मान ने मानव नाम के एक बॉलीवुड एक्शन सुपरस्टार का रोल निभाया, जिससे अनजाने में एक हत्या हो जाती है। फिल्म में जयदीप अहलावत ने विलेन भौरा पहलवान का बेहद दमदार किरदार निभाया, जो अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए लंदन तक आयुष्मान का पीछा करता है।
फिल्म का स्क्रीनप्ले, बैकग्राउंड म्यूजिक और जयदीप-आयुष्मान की जुगलबंदी शानदार थी, लेकिन यह फिल्म भी थिएटर्स में दर्शकों के लिए तरसती रह गई। ऑडियंस को यह एक और घिसी-पिटी बॉलीवुड कहानी लगी और लोग सिनेमाघरों तक नहीं पहुंचे। करीब 40 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म सिर्फ 16 करोड़ रुपये ही कमा सकी, जिससे निर्माताओं को भारी चपत लगी।
एक साल में तीन झटके
इस तरह आयुष्मान खुराना की एक ही साल में तीन फिल्में रिलीज हुईं और तीनों बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गईं। इन तीनों के फ्लॉप होने से निर्माताओं को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। इन दिनों उनकी फैमिली ड्रामा फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' सिनेमाघरों में लगी हुई है, लेकिन कमाई के मामले में यह भी कोई खास कमाल नहीं दिखा पा रही है।
https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/bollywood-ayushmann-khurrana-3-back-to-back-flop-movies-anek-doctor-g-an-action-hero-big-loss-for-makers-ws-l-10541819.html