कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग महिला ने अदालत के भीतर ही अजीबोगरीब हरकत कर डाली। यहां पुलिस ने एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को न्यायाधीश की कुर्सी पर कथित तौर पर काला जादू और तंत्र-मंत्र करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस घटना के सामने आने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया है।
अदालत के भीतर की गई संदिग्ध हरकत
चिक्काबल्लापुर शहर की पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मंजुला नाम की एक 65 साल की महिला को हिरासत में लिया है। महिला पर आरोप है कि उसने चिक्काबल्लापुर स्थित 'फर्स्ट एडिशनल सीनियर सिविल जज और JMFC कोर्ट' के जज के बैठने के आसन यानी उनकी मुख्य कुर्सी पर कथित रूप से तंत्र-मंत्र की क्रियाएं कीं।
सीसीटीवी फुटेज से खुला अंधविश्वास का खेल
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब दो दिन पुराना एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया। इस वीडियो में आरोपी महिला न्यायाधीश के आसन के पास खड़ी होकर कुछ अजीब हरकतें करती हुई दिखाई दे रही थी। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला वहां खड़ी होकर कोई गुप्त मंत्र बुदबुदा रही थी और उसने जज की कुर्सी के आसपास सफेद सरसों के दाने भी बिखेरे थे।
इस संदिग्ध गतिविधि के सामने आते ही अदालत की मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नेत्रा ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत पुलिस में इस संबंध में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की और आरोपी महिला को धर दबोचा।
कड़े कानून के तहत हुई कार्रवाई
अदालत परिसर में इस तरह की अमानवीय और अंधविश्वासी गतिविधि को अंजाम देने वाली महिला के खिलाफ कानून ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने आरोपी महिला मंजुला के खिलाफ 'कर्नाटक अमानवीय कुप्रथाओं और काले जादू की रोकथाम और उन्मूलन अधिनियम, 2017' के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
https://www.indiatv.in/india/national/a-woman-in-karnataka-was-arrested-on-charges-of-performing-black-magic-on-the-judge-chair-2026-07-14-1231030