भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम में जल्द ही एक बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयरलैंड दौरे पर जाने वाली टीम में चयनकर्ता युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को शामिल कर सकते हैं। अगर इस किशोर खिलाड़ी को मैदान पर उतरने का अवसर मिलता है, तो वह महान सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज सबसे कम उम्र में भारत के लिए खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकता है।
15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय मौके के करीब
रिपोर्ट्स पर यकीन करें तो वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने की ओर बढ़ रहे हैं। शुक्रवार तक उनकी उम्र 15 साल और 70 दिन है। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार आने वाले करीब 20 दिनों में वे भारत और आयरलैंड के बीच खेली जाने वाली दो टी20 मैचों की सीरीज का हिस्सा बन सकते हैं।
सचिन के नाम है मौजूदा रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट में अब तक सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 205 दिन की उम्र में अपना पदार्पण किया था। अगर सूर्यवंशी को मौका मिला तो यह रिकॉर्ड टूट सकता है।
कप्तानी में भी बदलाव की चर्चा
रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई खराब प्रदर्शन के चलते सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाकर श्रेयस अय्यर को नया कप्तान नियुक्त कर सकती है। चयनकर्ताओं की बैठक शनिवार को होने वाली है, जिसमें इन फैसलों पर मुहर लग सकती है।
आईपीएल में दमदार प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में जबरदस्त खेल दिखाते हुए 776 रन बनाए थे और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा। फिलहाल यह 15 साल का खिलाड़ी श्रीलंका में भारत ए की ट्राई सीरीज की तैयारी में जुटा है। इस सीरीज में भारत और मेजबान श्रीलंका के अलावा अफगानिस्तान की टीम भी हिस्सा ले रही है, और यह 9 से 21 जून तक चलेगी।
आगे का व्यस्त कार्यक्रम
ट्राई सीरीज के बाद भारत 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगा। इसके बाद 1 से 11 जुलाई तक इंग्लैंड में पांच टी20 मैचों की सीरीज होगी। माना जा रहा है कि सूर्यवंशी को आयरलैंड सीरीज के लिए टीम में जगह दी जा सकती है।
सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी
दुनिया भर में सबसे कम उम्र में अपने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में पाकिस्तान के हसन रजा का नाम सबसे ऊपर है। उन्होंने 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ महज 14 साल और 227 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था। वनडे में भी यह रिकॉर्ड उन्हीं के नाम है, क्योंकि वे 14 साल और 233 दिन की उम्र में पहला वनडे खेलने उतरे थे। वहीं टी20 में रोमानिया के मैरियन घेरसिम ने सबसे कम उम्र में डेब्यू किया, जब वे केवल 14 साल और 16 दिन के थे।
https://hindi.news18.com/cricket/vaibhav-sooryavanshi-set-to-become-youngest-indian-to-be-selected-in-squad-may-break-sachin-tendulkar-record-10541959.html