राम चरण और जाह्नवी कपूर के अभिनय से सजी फिल्म 'पेड्डी' बीते दिन सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। इस फिल्म में साउथ के साथ-साथ बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। पहले ही दिन फिल्म ने शानदार प्रदर्शन कर बॉक्स ऑफिस पर हलचल मचा दी है। अब तक यह फिल्म दुनियाभर में 112 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है, जबकि भारत में इसका कलेक्शन 84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
जाह्नवी कपूर के साथ रोमांस ने बटोरी तारीफें
फिल्म में मुख्य भूमिका जाह्नवी कपूर और राम चरण ने निभाई है। इनके अलावा वमन ईरानी और दिव्यांदु शर्मा भी दमदार किरदारों में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म का निर्देशन बची बाबू सना ने किया है, जिनकी हर तरफ खूब सराहना हो रही है। कहानी खुद निर्देशक ने ही लिखी है और इसमें शिवराज कुमार भी एक प्रभावशाली भूमिका में हैं। फिल्म की कहानी एक पहलवान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने गांव की अस्मिता की रक्षा के लिए तमाम मुश्किलों का सामना करता है और अपना नाम रोशन करता है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही गजब का उत्साह देखने को मिला था।
बॉलीवुड कलाकारों ने जोड़ा अभिनय का रंग
'पेड्डी' में साउथ के सितारों के साथ बॉलीवुड के मंझे हुए अभिनेता भी मौजूद हैं। वमन ईरानी ने फिल्म में एक असरदार किरदार निभाया है, जिसकी झलक ट्रेलर में भी देखने को मिली थी। जाह्नवी कपूर ने राम चरण के साथ बतौर मुख्य अभिनेत्री खूब वाहवाही लूटी है। फिल्म के सेट की तस्वीरें सामने आने के बाद से ही प्रशंसक जाह्नवी की इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। वहीं दिव्यांदु शर्मा ने भी अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिलहाल यह फिल्म सिनेमाघरों में चल रही है और अब देखना यह होगा कि क्या यह कहानी 500 करोड़ी क्लब में जगह बना पाती है या नहीं।
IMDB पर मिली ठीक-ठाक रेटिंग
फिल्म की रिलीज को अभी सिर्फ 1 दिन ही बीता है और इसकी समीक्षाएं आने लगी हैं। आईएमडीबी पर अब तक दर्शकों ने इसे 10 में से 6.4 की रेटिंग दी है। फिल्म को अब तक मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, जहां कुछ दर्शकों ने इसकी जमकर सराहना की है, वहीं कुछ लोगों को इसकी कहानी उम्मीद से कम प्रभावशाली लगी है।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/ram-charan-and-janhvi-kapoor-peddi-collected-112-crores-on-its-first-day-created-record-on-box-office-2026-06-05-1223154