सोशल मीडिया पर मौजूद फिटनेस कंटेंट क्रिएटर अक्सर अपनी ‘बिफोर-आफ्टर’ तस्वीरें साझा करते रहते हैं, जिनमें वे अपने मोटापे और बाद के छरहरे रूप की तुलना दिखाते हैं। हाल ही में काजल नाम की एक फिटनेस क्रिएटर ने इंस्टाग्राम पर अपने फिटनेस सफर की कहानी फैंस के सामने रखी है। खास बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ तस्वीरें ही नहीं दिखाईं, बल्कि अपना पूरा वेट लॉस डाइट प्लान भी साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने खान-पान, अच्छी आदतों और दिनचर्या के बारे में विस्तार से बताया। अगर आप भी वजन कम करना चाहते हैं तो इस डाइट से कुछ उपयोगी टिप्स ले सकते हैं।
कितने समय में घटाया वजन
काजल ने अपने वजन घटाने का यह सफर अगस्त 2025 में शुरू किया था और एक साल से भी कम समय में वे 101 किलो से घटकर 65 किलो तक पहुंच गईं। उनका कहना है कि उन्होंने लगभग 7 महीने में करीब 36 किलो वजन कम किया। यह बदलाव उन्होंने डाइट, एक्सरसाइज और बेहतर आदतों पर ध्यान देते हुए हासिल किया।
पहले दिन का डाइट प्लान
काजल अपने दिन की शुरुआत 1 कप जीरा पानी और 5 भीगे हुए ड्राई फ्रूट्स के साथ करती हैं। नाश्ते में वे पुदीने की चटनी के साथ 2 छोटे बेसन के चीला खाती हैं। इसके अलावा सुबह के नाश्ते में एक कटोरी फल लेती हैं, जिसमें पपीता और 1 बड़ा चम्मच सूरजमुखी के बीज शामिल होते हैं। दोपहर के भोजन में आधा कप ब्राउन राइस, चना दाल और भिंडी की सब्जी रखती हैं। दिन में बाद में वे 20 ग्राम भुने हुए मखाने के साथ एक कप हर्बल टी पीती हैं। रात के खाने में टोफू भुर्जी, भुनी हुई बीन्स और 1 बाजरा की रोटी लेती हैं।
दूसरे दिन का डाइट प्लान
दूसरे दिन की शुरुआत वे भीगे हुए चिया सीड्स और नींबू पानी से करती हैं। नाश्ते में वेजिटेबल पोहा के साथ सोया चंक्स खाती हैं। इसके बाद 1 सेब और 1 बड़ा चम्मच कद्दू के बीज लेती हैं। दोपहर के भोजन में 2 रोटी, मूंग दाल, लौकी की सब्जी और सलाद रखती हैं। शाम को 1 कप छाछ और कुछ भुने हुए चने खाती हैं। डिनर में 100 ग्राम पालक पनीर, 1 ज्वार की रोटी और खीरे का रायता लेती हैं।
तीसरे दिन का डाइट प्लान
तीसरे दिन की शुरुआत वे एलोवेरा शॉट और गर्म पानी से करती हैं। नाश्ते में रागी डोसा, प्रोटीन से भरपूर सांभर और चटनी खाती हैं। इसके बाद 1 अमरूद और 1 बड़ा चम्मच अलसी के बीज लेती हैं। दोपहर में 1 छोटी ज्वार की रोटी, तुअर दाल, पालक की सब्जी और सलाद रखती हैं। शाम को चिया सीड्स तथा जामुन या अनार मिलाकर ग्रीक योगर्ट खाती हैं। डिनर में वेजिटेबल क्विनोआ पुलाव के साथ खीरा और टमाटर का सलाद लेती हैं।
चौथे दिन का डाइट प्लान
चौथे दिन सुबह उठकर वे भीगी हुई मेथी के बीज का पानी पीती हैं। नाश्ते में सब्जी का उपमा खाती हैं। इसके बाद 1 नाशपाती और आठ से दस भीगी हुई किशमिश लेती हैं। लंच में बाजरे की खिचड़ी और कचरी शामिल करती हैं। शाम को नींबू पानी पीती हैं और हम्मस के साथ दो चावल के केक खाती हैं। रात के खाने में सोया करी और एक रोटी लेती हैं।
पांचवें दिन का डाइट प्लान
पांचवें दिन सुबह वे नींबू-अदरक का पानी और 5 भीगे हुए अखरोट खाती हैं। नाश्ते में सब्जियों और हरी चटनी के साथ ओट्स चीला लेती हैं। इसके बाद कोई एक फल और सीड्स खाती हैं। दोपहर में 2 बाजरे की रोटी, मसूर दाल, भिंडी की सब्जी और सलाद रखती हैं। शाम को छाछ और भुनी हुई मूंगफली लेती हैं। रात के खाने में पनीर टिक्का, भुनी हुई तोरी और आधा कप ब्राउन राइस खाती हैं।
नतीजे सबके लिए अलग हो सकते हैं
ध्यान रहे कि वजन घटाने के परिणाम हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं। डाइट के साथ-साथ आपको भोजन की मात्रा, खाने के समय और पानी पर भी ध्यान देना जरूरी है। इसके अलावा योग, वॉक या एक्सरसाइज को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/features/fitness-creator-loses-36-kg-with-this-diet-plan-goes-from-101-kg-to-65-kg-now-2026-06-05-1223148